आज की ताजा खबर

संदिग्ध परिस्थितियों में आदर्श तहसील महोली में लगी आग

top-news

लैपटॉप-प्रिंटर समेत इलेक्ट्रिक उपकरण जले

अनुराग मिश्रा

सीतापुर। आदर्श तहसील महोली परिसर में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कमरा नंबर दो में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से भूलेख अनुभाग में रखा लैपटॉप, प्रिंटर, सीपीयू समेत अन्य इलेक्ट्रिक उपकरण जल गए।

प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तहसील के कमरा नंबर एक और दो में भूलेख अनुभाग संचालित होता है। यहां किसानों को खसरा, खतौनी और अंश भाग की छायाप्रतियां निर्धारित सरकारी शुल्क पर उपलब्ध कराई जाती हैं। शनिवार सुबह करीब नौ बजे कमरा नंबर दो से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। तहसील कर्मचारियों की नजर पड़ते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला खुलवाया तो अंदर इलेक्ट्रिक उपकरण जलते मिले। कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। तहसील परिसर के आसपास मौजूद लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में सहयोग किया। भूलेख अनुभाग के दोनों कमरों में धुआं भर गया था।

कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने फायर ब्रिगेड के सिलेंडरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान तहसील परिसर में रखे चार बड़े और तीन छोटे अग्निशमन सिलेंडर खाली हो गए। घटना की सूचना 112 और कोतवाली पुलिस को दी गई।

पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आग से क्षतिग्रस्त इलेक्ट्रिक उपकरणों से जुड़े जले हुए साक्ष्य एकत्र किए। एसडीएम शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। हादसे में लैपटॉप, सीपीयू, प्रिंटर समेत अन्य उपकरण जल गए हैं। मामले की जांच-पड़ताल जारी है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *