आज की ताजा खबर

शाहजहांपुर की जन्नत का नाम पहुंचेगा अंतरिक्ष तक, नासा के मिशन से जुड़ी छात्रा की खास उपलब्धि

top-news

लीड कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा जन्नत फातिमा का नाम नासा के रोमन स्पेस टेलीस्कोप मिशन के साथ भेजा गया

एस्ट्रोनॉट बनने का सपना देख रही जन्नत को नासा ने दिया डिजिटल बोर्डिंग पास, स्कूल में खुशी का माहौल

आरिफ सिद्दीकी

शाहजहांपुर। शहर की छात्रा जन्नत फातिमा ने अंतरिक्ष की दुनिया में शाहजहांपुर का नाम रोशन किया है। लीड कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा जन्नत का नाम अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के नैन्सी ग्रेस रोमन स्पेस टेलीस्कोप मिशन के साथ अंतरिक्ष तक भेजे जाने के लिए चयनित किया गया है। नासा की ओर से नाम दर्ज कराने वाले प्रतिभागियों को डिजिटल बोर्डिंग पास भी उपलब्ध कराया गया है, जिसमें नाम और मिशन से संबंधित विवरण दर्ज है।

जन्नत ने बताया कि नासा की ओर से आम लोगों, विशेषकर बच्चों को अपने नाम मिशन के साथ अंतरिक्ष में भेजने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने अपना नाम सबमिट किया, जिसके बाद उन्हें डिजिटल बोर्डिंग पास डाउनलोड करने का अवसर मिला। जन्नत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह भविष्य में उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद एस्ट्रोनॉट बनने का सपना देखती हैं।

नासा के मिशन से जुड़ने पर जन्नत उत्साहित

पढ़ाई में हमेशा बेहतर प्रदर्शन करने वाली जन्नत फातिमा का कहना है कि उनका नाम अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व और यादगार अनुभव है। वह इस उपलब्धि को अपने भविष्य के सपने से जोड़कर देखती हैं।

स्कूल की प्रधानाचार्या तराना जमाल की ओर से भी जन्नत को लगातार प्रोत्साहन मिलता रहा है। स्कूल परिवार ने छात्रा की इस उपलब्धि को बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति रुचि बढ़ाने वाला अवसर बताया।

जन्नत का कहना है कि बचपन से ही अंतरिक्ष और वैज्ञानिक उपलब्धियों को लेकर उनकी रुचि रही है। अब नासा के मिशन से उनका नाम जुड़ना उनके लिए विशेष उत्साह का विषय है।

रोमन स्पेस टेलीस्कोप करेगा ब्रह्मांड का अध्ययन

अर्थियन सोसाइटी के निदेशक एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. इरफान ह्यूमन ने बताया कि नासा की इस पहल का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को अंतरिक्ष अनुसंधान से जोड़ना और उनमें वैज्ञानिक जिज्ञासा पैदा करना है। मिशन से जुड़ने वाले बच्चों के नाम डिजिटल रूप से संग्रहित कर अंतरिक्ष यान के साथ भेजे जाने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि नैन्सी ग्रेस रोमन स्पेस टेलीस्कोप ब्रह्मांड के अध्ययन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह दूरबीन ब्रह्मांड के विस्तार, डार्क मैटर, डार्क एनर्जी और सौरमंडल से बाहर मौजूद ग्रहों यानी एक्सोप्लेनेट्स से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने में मदद करेगी।

मिशन के तहत टेलीस्कोप को पृथ्वी-सूर्य प्रणाली के लैग्रांज प्वाइंट L2 के आसपास स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। वहां से यह अंतरिक्ष का विस्तृत अवलोकन करेगा।

जन्नत के नाम का इस अंतरिक्ष मिशन से जुड़ना शाहजहांपुर के लिए भी गौरव का विषय है। छात्रा की इस उपलब्धि से स्कूल के शिक्षक, सहपाठी और परिवार के लोग उत्साहित हैं। जन्नत अब इस अनुभव को अपने एस्ट्रोनॉट बनने के सपने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम मान रही हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *