आज की ताजा खबर

क्योंटरा के अखाड़े में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच, रिषभ ने 21 हजार की कुश्ती जीती

top-news

दंगल के दूसरे दिन हरियाणा, पंजाब, बिहार समेत कई राज्यों के पहलवानों ने लिया हिस्सा, दर्शकों ने खूब बढ़ाया उत्साह

हिमांशु दुबे

औरैया। सदर ब्लॉक के ग्राम क्योंटरा में आयोजित दो दिवसीय दंगल के दूसरे दिन अखाड़े में पहलवानों ने दमखम दिखाते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दिबियापुर चेयरमैन राघव मिश्रा, अजीतमल ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडेय और प्रधान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कराया।


दंगल में हरियाणा, पंजाब, बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। पहली कुश्ती में क्योंटरा के अनमोल ने औरैया के कपिल को हराया। दूसरी कुश्ती में सिहुरा के इशांत ने अकबरपुर के अतुल को पराजित किया। 2100 रुपये की कुश्ती में मथुरा के राहुल ने सरैयां के गोलू को शिकस्त दी, जबकि 2500 रुपये की कुश्ती में फिरोजाबाद के रजनीश विजयी रहे।

5100 रुपये की कुश्ती में उत्तराखंड के गुल्ला और अयोध्या के चंद्रसेन के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें गुल्ला ने बाजी मारी। वहीं 21 हजार रुपये की कुश्ती में एटा के अमर और क्योंटरा के रिषभ आमने-सामने रहे। रोमांचक मुकाबले में रिषभ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

ग्राम प्रधान मीना पांडेय व प्रतिनिधि अखिलेश पांडेय ने बताया कि मेला कुल पांच दिनों तक चलेगा और अभी तीन दिन और कार्यक्रम आयोजित होंगे। दंगल में रेफरी की भूमिका सतेंद्र सेंगर ने निभाई। इस दौरान गोपाल दीक्षित, लोटन त्रिवेदी, ओमनरायन शुक्ला, बद्रीनाथ मिश्रा, श्याम बाबू दुबे, धर्मवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *