आज की ताजा खबर

नाजिला फिरदौस ने यूजीसी नेट-जेआरएफ में हासिल किया 99.6, क्षेत्र का बढ़ाया मान

top-news

जगदीशपुर अमेठी I जगदीशपुर क्षेत्र की होनहार बेटी नाजिला फिरदौस ने जून 2026 में आयोजित यूजीसी नेट-जेआरएफ परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नाजिला ने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन विषय में 99.6 परसेंटाइल प्राप्त कर जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के लिए योग्यता हासिल की है।

उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि नाजिला ने यह सफलता अपने पहले ही प्रयास में हासिल की है।नाजिला फिरदौस निहालगढ़ के ग्राम प्रधान मोहम्मद खलीक सिद्दीकी की बेटी हैं।

वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद रफीक वारसी उर्फ अल्लू मियां की पौत्री हैं, जबकि उनकी माता का नाम रिजवाना है। ग्रामीण परिवेश से जुड़ी नाजिला ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में यह मुकाम हासिल किया है।

नाजिला की प्रारंभिक एवं स्कूली शिक्षा क्रिश्चियन दकिंग स्कूल से हुई, जहां से उन्होंने आईएसई बोर्ड के तहत हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने बनियान ट्री स्कूल से सीबीएसई  बोर्ड के माध्यम से इंटरमीडिएट की शिक्षा हासिल की।

स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा की ओर कदम बढ़ाया और दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय से बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स की डिग्री प्राप्त की।इसके बाद नाजिला ने अपनी शैक्षणिक यात्रा को आगे बढ़ाते हुए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू ) से एमए (पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन) की पढ़ाई पूरी की।

पढ़ाई के दौरान उन्होंने लगातार मेहनत और बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित रखा। इसी का परिणाम रहा कि जून 2026 में आयोजित यूजीसी नेट-जेआरएफ परीक्षा में पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन विषय से उन्होंने 99.6 परसेंटाइल अंक हासिल किए।नाजिला की इस सफलता की सबसे खास बात उनका पहले ही प्रयास में जेआरएफ के लिए चयनित होना है।

यूजीसी नेट-जेआरएफ परीक्षा देशभर में उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस परीक्षा में बेहतर परसेंटाइल हासिल करना अभ्यर्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। नाजिला ने अपनी सफलता से यह साबित किया है कि मजबूत लक्ष्य, नियमित अध्ययन और निरंतर मेहनत के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।

नाजिला की उपलब्धि से उनके परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी पढ़ाई को हमेशा गंभीरता से लिया और लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत की। क्षेत्र के लोगों ने भी नाजिला को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

नाजिला फिरदौस की सफलता ग्रामीण क्षेत्र की उन छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक है, जो उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं। उनकी उपलब्धि ने न केवल परिवार का गौरव बढ़ाया है, बल्कि जगदीशपुर और अमेठी जिले का नाम भी शिक्षा के क्षेत्र में रोशन किया है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *