आज की ताजा खबर

जैतीपुर में मौसम बदला तो बढ़ा मौसमी बीमारियों का प्रकोप, अस्पतालों में उमड़ी मरीजों की भीड़

top-news

सीएचसी समेत पीएचसी में सर्दी, खांसी, बुखार और पेट की समस्या वाले मरीज बढ़े

चिकित्सकों ने साफ पानी और ताजा भोजन लेने के साथ बिना सलाह दवा न लेने की दी हिदायत

जैतीपुर, शाहजहांपुर। क्षेत्र में मौसम में अचानक बदलाव के बाद मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता नजर आ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतीपुर में उपचार के लिए आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अस्पताल में सर्दी, खांसी, बुखार, पेट दर्द और उल्टी की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं।

मौसम के उतार-चढ़ाव का असर बच्चों और बुजुर्गों के साथ अन्य लोगों पर भी पड़ रहा है। क्षेत्र के गढ़िया रंगीन, खेड़ा रठ और मुड़िया खेड़ा आजमाबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी सुबह से मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। अस्पताल पहुंच रहे मरीजों की चिकित्सकों द्वारा जांच की जा रही है और जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या

मौसम में बदलाव के कारण कई लोग सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत से परेशान हैं। वहीं कुछ मरीजों में पेट दर्द और उल्टी जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और सावधानियों की जानकारी दे रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को मौसम में बदलाव के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

साफ पानी और ताजा भोजन लेने की सलाह

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. सज़र ने लोगों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि लोग साफ पानी का सेवन करें और ताजा व स्वच्छ भोजन ही लें। बारिश में भीगने से बचने के साथ मौसम के अनुरूप कपड़े पहनने पर भी ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार, उल्टी या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या के लक्षण दिखाई देने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें। समय पर उपचार मिलने से समस्या को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *