आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में विकास योजनाओं की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ने पात्रों को प्राथमिकता से लाभ दिलाने के दिए निर्देश

top-news

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में सुलतानपुर 9वें से चौथे स्थान पर पहुंचा, योजनाओं की प्रगति पर हुई समीक्षा

राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और आवास से वंचित पात्रों को जल्द लाभ देने के साथ अधिकारियों को समयबद्ध कार्य के निर्देश

सुशील चंद्र मिश्र

सुलतानपुर। जनपद प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश गिरीश चंद्र यादव की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से जिले में संचालित विकास योजनाओं और विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक से पहले जनपद आगमन पर प्रभारी मंत्री को निरीक्षण भवन, लोक निर्माण विभाग में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में कोर कमेटी एवं समन्वय समिति की बैठक भी आयोजित हुई।


मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में हुआ सुधार

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। जिला पिछले माह के नौवें स्थान से बढ़कर वर्तमान में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर लाइट योजना में लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत उपलब्धि पर प्रभारी मंत्री ने संतोष जताया। उन्होंने स्थापित सोलर लाइटों को लगातार क्रियाशील रखने और उनके रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में भी शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त होने पर उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा।

एकीकृत बागवानी मिशन में भी लक्ष्य पूरा होने पर प्रभारी मंत्री ने लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता बरतने और बागवानी परियोजनाओं में विधायकों से सुझाव लेने के निर्देश दिए। कृषि योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना समेत अन्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना में जनपद को 'ए' रैंक मिलने की जानकारी पर प्रभारी मंत्री ने शेष आवासों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने और पात्र लाभार्थियों को रोजगार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य, बिजली और जल जीवन मिशन पर भी दिए निर्देश

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले में 102 की 39 और 108 की 33 एंबुलेंस संचालित हैं। डायलेसिस मशीनें प्राप्त हो चुकी हैं और जल्द ही सेवा शुरू की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने एंबुलेंस की नियमित फिटनेस जांच, ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ हर माह निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। जिले में संचालित चारों मोबाइल मेडिकल यूनिट के सुचारू संचालन की जानकारी भी दी गई।

विद्युत विभाग की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने और बिजली बिल संशोधन से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मीटर रीडरों को सही रीडिंग के आधार पर बिल जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

जल जीवन मिशन के तहत जिले में कुल 657 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें 143 परियोजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है और 135 परियोजनाओं से जलापूर्ति की जा रही है। प्रभारी मंत्री ने जलापूर्ति परियोजनाओं के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की लगातार मरम्मत कराने तथा 75 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में प्रत्येक ग्राम में स्वयं सहायता समूहों का गठन और सक्रिय संचालन सुनिश्चित करने के साथ सखी एवं दीदी की नियुक्तियां शत-प्रतिशत पूरी करने को कहा गया।

शिक्षा,रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जोर

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत निर्धारित 19 पैरामीटर से जुड़े कार्यों को आगामी चार माह में पूरा कराने के निर्देश दिए। विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने को कहा।

श्रम विभाग को कन्या विवाह योजना और बालिका मदद योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। लेबर मार्केट में चौपाल लगाने और योजनाओं से संबंधित होर्डिंग लगाने को भी कहा गया। उद्योग विभाग की समीक्षा में बैंकों से योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग देने और लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पशुधन विभाग को सभी विकासखंडों में वृहद गौशालाओं की स्थापना तथा गोवंश के लिए पर्याप्त चारा और वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। मत्स्य विभाग की ओर से सभी योजनाओं का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा होने की जानकारी दी गई। सहकारिता विभाग ने ऋण वसूली शत-प्रतिशत होने की जानकारी दी, जिस पर प्रभारी मंत्री ने सघन सहकारी समितियों में कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

वन विभाग की समीक्षा में विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाए गए पौधों के संरक्षण पर जोर दिया गया। पांच जून को खुर्शीद क्लब में लगाए गए पौधों के संरक्षण के संबंध में जानकारी लेने पर अपेक्षित स्थिति न मिलने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग की योजनाओं को भी जल्द पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को निर्देशित किया गया।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करें और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के साथ अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

ग्राम मनियारी में लगी जन चौपाल, पात्र लाभार्थियों को बांटे गए लाभ

समीक्षा बैठक के बाद प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकासखंड कुड़वार के ग्राम मनियारी में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रभारी मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर उन्होंने गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लाभार्थियों को आशीर्वाद दिया।

जन चौपाल में प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और आवास योजना समेत विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने राशन कार्ड से वंचित पात्र लोगों के कार्ड बनवाने, पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड और आवास योजना का लाभ प्राथमिकता से दिलाने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत पात्र परिवारों को शौचालय और आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी पात्र लोगों के कार्ड बनवाने पर भी जोर दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। कृषि विभाग की ओर से लाभार्थियों को निशुल्क मिनी किट वितरित की गईं, जबकि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत डेमो चेक प्रदान किया गया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल उनका क्रियान्वयन नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने का आश्वासन दिया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *