आज की ताजा खबर

सिलीगुड़ी से अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं की इनोवा पलटी, सात लोग घायल

top-news

ओवरटेकिंग के दौरान तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से अनियंत्रित हुई कार, बारिश के कारण गड्ढे में जाकर पलटी

बनारस में काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद अयोध्या जा रहे थे श्रद्धालु, पीआरबी ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

सुरेंद्र कुमार पांडेय

सुलतानपुर। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की इनोवा कार सोमवार को भदैयाँ क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार सात लोगों को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को कार से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बताया गया कि सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल निवासी मनीष घोष अपनी इनोवा कार संख्या WB 73 M 1097 से शनिवार को परिवार और परिचितों के साथ दर्शन के लिए निकले थे। कार में कुल सात लोग सवार थे। रविवार रात सभी ने वाराणसी में विश्राम किया। सोमवार सुबह बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु अयोध्या के लिए रवाना हुए।

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर के बाद बिगड़ा संतुलन

कार चालक मनीष घोष के अनुसार, जौनपुर के पास सभी लोगों ने दोपहर में एक ढाबे पर भोजन किया। इसके बाद वे वाराणसी फोरलेन हाईवे से अयोध्या की ओर जा रहे थे। कामतागंज बाजार पार करने के बाद पन्नाटिकरी स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने ओवरटेक करते समय उनकी कार को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही इनोवा का संतुलन बिगड़ गया। बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी होने से कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे गड्ढे में जा गिरी और पलट गई। हादसे में चालक मनीष घोष के अलावा मंटू घोष, दीपक, नीरज और कपिल समेत सात लोगों को हल्की चोटें आईं।

करीब 20 मिनट बाद पहुंची पीआरबी

हादसे के बाद कार में सवार लोगों को आसपास मौजूद लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर करीब 20 मिनट बाद पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को उठवाने की व्यवस्था कराई।

कोतवाल देहात धर्मवीर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को है। पुलिस ने कार में सवार यात्रियों का हालचाल लिया है। उन्होंने बताया कि मामले में अभी किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *