आज की ताजा खबर

बंद कमरे में बिस्तर पर मिले पति-पत्नी के शव, गांव में मचा हड़कंप

top-news

बी.पी.त्रिपाठी 

उतरौला(बलरामपुर) थाना गैड़ास बुजुर्ग क्षेत्र के पीरगैंड़ास गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही कमरे में पति-पत्नी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में पाए गए। दोनों के शव कमरे के अंदर बिस्तर पर पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

मृतकों की पहचान मनोज कुमार (28) और उसकी पत्नी मंजू (26) के रूप में हुई है। दंपति के दो छोटे बच्चे भी हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पांडे ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि पीरगैंड़ास गांव से परिजन दो लोगों को अस्पताल लेकर पहुंचे हैं, जिन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, मनोज और उसकी पत्नी मंजू अपने कमरे में थे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद आशंका होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे के अंदर दोनों पति-पत्नी बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले।

परिजन आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

एएसपी विशाल पांडे के मुताबिक, मनोज बाहर नौकरी करता था और जुलाई माह में ही घर वापस आया था। घटना के समय दोनों पति-पत्नी कमरे में अकेले थे। हालांकि दंपति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसके पीछे वास्तविक कारण क्या रहा और घटना से पहले उनके बीच क्या हुआ, इस संबंध में फिलहाल परिजन भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना के बाद सुसाइड वीडियो की चर्चाओं पर एएसपी ने स्पष्ट किया कि अभी तक ऐसा कोई वीडियो पुलिस के सामने नहीं आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण तथा परिजनों से गहन पूछताछ के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच के साथ-साथ घटनास्थल से मिले तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दो छोटे बच्चों के माता-पिता की एक साथ हुई मौत से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही और स्पष्ट तथ्य सामने आ सकेंगे।


https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *