आज की ताजा खबर

भियापुर मोड़ पर महिला को गोली मारकर किया घायल, तीन नामजद आरोपी फरार

top-news

रोहित अवस्थी

औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के भियापुर मोड़ के पास सोमवार देर शाम एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया गया। गोली महिला के पेट में लगी। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह और थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।

घायल महिला को परिजनों ने उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल चिचौली में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

कंचौसी बाजार निवासी नीतू पत्नी राजू तिवारी सोमवार सुबह अपने मायके भियापुर आई थीं। देर शाम करीब आठ बजे वह मायके से अपने ससुराल लौट रही थीं।

आरोप है कि भियापुर मोड़ के पास गांव के ही शिवम तिवारी, सागर तिवारी और उनके देवर पंकज तिवारी ने उन्हें रोक लिया और गोली मार दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोली लगने के बाद नीतू ने वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण से परिजनों को घटना की सूचना देने को कहा। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए।

सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के भाई अभिषेक तिवारी ने पुलिस को घटना की सूचना दी थी। महिला ने पूछताछ में शिवम तिवारी, सागर तिवारी और पंकज तिवारी पर गोली मारने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

सीओ के अनुसार दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है और दोनों पक्षों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *