आज की ताजा खबर

राखी महोत्सव के आठवें दिन 2300 बहनों ने अजय कपूर को बांधी राखी, सुधा चंद्रन भी पहुंचीं

top-news

बहनों के स्नेह से भावुक हुआ आयोजन, विधायक अभिजीत सिंह सांगा और उद्यमी दीपक कोठारी ने भी की शिरकत

सुधा चंद्रन ने अजय कपूर को राखी बांधकर आयोजन की सराहना की, बोलीं- यह सिर्फ धागा नहीं, विश्वास और अपनत्व का प्रतीक

अरविन्द पाण्डेय

कानपुर। बहन फाउंडेशन के बैनर तले वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक अजय कपूर की ओर से आयोजित राखी महोत्सव के आठवें दिन भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता देखने को मिली। कार्यक्रम में करीब 2300 बहनों ने अजय कपूर की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति स्नेह और विश्वास जताया। बड़ी संख्या में बहनों की मौजूदगी और उत्साह से पूरा आयोजन भावनात्मक नजर आया।

कार्यक्रम में विधायक अभिजीत सिंह सांगा और मशहूर उद्यमी दीपक कोठारी भी पहुंचे। दोनों ने बहनों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।

सुधा चंद्रन ने अजय कपूर को बांधी राखी

कार्यक्रम में मशहूर अभिनेत्री एवं प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना सुधा चंद्रन ने भी शिरकत की। उन्होंने बहनों के साथ रक्षाबंधन का उत्सव मनाया और अजय कपूर के इस आयोजन की सराहना की। सुधा चंद्रन ने अजय कपूर को राखी भी बांधी।

इस मौके पर अजय कपूर ने कहा कि हर वर्ष जब हजारों बहनें उन्हें राखी बांधने पहुंचती हैं तो वह खुद से सवाल करते हैं कि उन्होंने ऐसा क्या किया है कि उन्हें इतना बड़ा परिवार मिला। उन्होंने कहा कि बहनों का प्रेम उनके लिए किसी सम्मान, पद या उपलब्धि से कहीं बड़ा है।

अजय कपूर ने कहा कि भाई होने के नाते वह बहनों के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़े रहने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि बहनों की आंखों में खुशी देखना उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है और अगर किसी बहन की आंख में आंसू आए तो उसे पोंछने की जिम्मेदारी भी भाई की है।


सुधा चंद्रन ने आयोजन को बताया अनूठा प्रयास

सुधा चंद्रन ने राखी महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कई तरह के कार्यक्रम देखे हैं, लेकिन हजारों बहनों का एक भाई के प्रति इस तरह प्रेम और विश्वास देखना अपने आप में अलग अनुभव है।

उन्होंने कहा कि राखी सिर्फ एक धागा नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और अपनत्व का प्रतीक है। कार्यक्रम में जिस तरह बहनें अजय कपूर को राखी बांध रही हैं, उससे उनके और बहनों के बीच आत्मीय संबंध दिखाई देता है।

सुधा चंद्रन ने कहा कि अजय कपूर ने राखी महोत्सव के जरिए भाई-बहन के रिश्ते को एक खूबसूरत मंच दिया है। हजारों बहनों को एक साथ सम्मान और अपनापन देना बड़ी बात है। उन्होंने आयोजन के लिए अजय कपूर को बधाई देते हुए भाई-बहन के इस रिश्ते के हमेशा मजबूत बने रहने की कामना की।

कई इलाकों से पहुंचीं बहनें

राखी महोत्सव में बर्रा-8, विश्व बैंक बर्रा, राम आसरे नगर, संजय नगर सीटीआई, बर्रा गांव, कर्रही, जूही परमपुरवा, गुजैनी गांव, दबौली, सरायमीता पनकी, सेवाग्राम कॉलोनी दादानगर, तात्याटोपे नगर और 48 क्वार्टर किदवई नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बहनें पहुंचीं और अजय कपूर को राखी बांधी।

कार्यक्रम में बहनों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। आयोजन के दौरान भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और अपनत्व का माहौल देखने को मिला।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *