आज की ताजा खबर

संविदा लाइनमैन के घर मिले छह खराब ट्रांसफार्मर

top-news

यूनिक नंबर प्लेटें उखाड़ीं, अलग-अलग गांवों के ट्रांसफार्मर मिलने से विभाग में मचा हड़कंप

आरिफ सिद्दीकी

शाहजहांपुर। बिजली विभाग की अधिकृत वर्कशॉप में मरम्मत के लिए भेजे जाने वाले खराब ट्रांसफार्मर एक संविदा लाइनमैन के घर पर रखे मिलने से विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उदरिया गांव में छापा मारा।

यहां संविदा लाइनमैन पूरन लाल के घर से 100, 63 और 25 केवीए क्षमता के छह ट्रांसफार्मर बरामद किए गए। मौके से 16 नंबर की 16 क्वाइल, ट्रांसफार्मर की कोर, एक ड्रम मोबिल ऑयल और ट्रांसफार्मर खोलने-बांधने के उपकरण भी मिले।

आरोप है कि लाइनमैन लंबे समय से घर पर ही ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कराता था। इसके बदले किसानों और ग्रामीणों से रुपये लेने की भी शिकायत है। ट्रांसफार्मर मेंटीनेंस का काम देखने वाली फर्म लक्ष्मी चंद्र एंड कंपनी के प्रोपराइटर ओपी वर्मा ने लाइनमैन पर घर में अवैध रूप से वर्कशॉप संचालित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खराब ट्रांसफार्मरों को विभागीय वर्कशॉप भेजने के बजाय घर पर ही उनकी मरम्मत की जा रही थी।

बरामद ट्रांसफार्मरों के अलग-अलग क्षेत्रों के होने की बात सामने आई है। इनमें दो की पहचान भी हो चुकी है। एक ट्रांसफार्मर गंगसरा के पास पकड़िया हकीम और दूसरा भावलखेड़ा के बड़ावन गांव का बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, कुछ ट्रांसफार्मरों की यूनिक नंबर प्लेटें उखाड़कर फेंक दी गई थीं। इससे उनकी पहचान और संबंधित क्षेत्र का पता लगाने में परेशानी हो रही है। जिन ट्रांसफार्मरों पर नंबर प्लेटें लगी हैं, उनकी कंप्यूटर के माध्यम से जांच कराई जा रही है।

नियमानुसार किसी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने पर संबंधित अवर अभियंता की जिम्मेदारी होती है कि उसे उतरवाकर विभाग की अधिकृत वर्कशॉप तक पहुंचाया जाए। मरम्मत के बाद ट्रांसफार्मर को दोबारा संबंधित स्थान पर लगाया जाता है।

ऐसे में एक संविदा लाइनमैन के घर पर छह खराब ट्रांसफार्मर समेत मरम्मत का सामान मिलने से बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कराई गई थी। बिजली विभाग के अधिकारियों से भी अपने स्तर से जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहरीर मिलने पर पुलिस विधिक कार्रवाई करेगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *