आज की ताजा खबर

भारत सरकार लिखी गाड़ियों से पहुंची टीम ने प्लाईवुड फैक्ट्री और कारोबारी के आवास पर की छापेमारी

top-news

तंबौर में करीब दो घंटे से जांच जारी, अंदर-बाहर आने-जाने पर रोक; कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म

संदीप जीवन जायसवाल

तंबौर, सीतापुर। तंबौर कस्बे में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भारत सरकार लिखी कई गाड़ियों से पहुंची एक टीम ने लकड़ी कारोबारी इसराइल अंसारी की हिंदुस्तान प्लाईवुड फैक्ट्री और आवास पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी।

टीम की कुछ गाड़ियां फैक्ट्री परिसर में पहुंचीं, जबकि कुछ वाहन कुछ दूरी पर स्थित कारोबारी के आवास पर गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 11:30 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने फैक्ट्री और आवास को अपने घेरे में ले लिया।

समाचार लिखे जाने तक करीब दो घंटे से जांच-पड़ताल जारी थी। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है और न ही अंदर मौजूद लोगों को बाहर आने दिया जा रहा है।

छापेमारी की सूचना क्षेत्र में फैलते ही लकड़ी कारोबारियों और प्लाईवुड फैक्ट्रियों में भी हलचल बढ़ गई। कार्रवाई को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि टीम किस विभाग से संबंधित है और किस मामले को लेकर जांच की जा रही है।

फैक्ट्री और आवास के अंदर टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई को लेकर अधिकारी अथवा संबंधित टीम की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई की वास्तविक वजह और जांच में सामने आए तथ्यों की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *