आज की ताजा खबर

शारदा में छोड़ा जाएगा दो लाख क्यूसेक पानी, बाढ़ का खतरा बढ़ा

top-news

बीती रात से मूसलाधार बारिश के बीच नदी का कटान आबादी की ओर बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत

शोएब खान

पीलीभीत। पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बनबसा बैराज से करीब दो लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना से शारदा नदी के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए पूरनपुर तहसील प्रशासन हाई अलर्ट पर है। एसडीएम मयंक गोस्वामी ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने लोगों से शारदा समेत अन्य नदियों और नालों के किनारे नहीं जाने तथा तेज बहाव वाले पानी में प्रवेश न करने को कहा है।


बच्चों को जलभराव वाले स्थानों से दूर रखने और तेज बहाव वाले रास्तों को पार न करने की हिदायत दी गई है। नदी तटीय और निचले क्षेत्रों के परिवारों से प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षित व ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा गया है।

पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है। उधर, शारदा नदी में बढ़ते जलस्तर के साथ कटान ने भी ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। राणाप्रताप नगर समेत अन्य तटीय गांवों में नदी की तेज धार आबादी की ओर बढ़ रही है। ग्रामीणों के मुताबिक कई स्थानों पर नदी किनारे की जमीन तेजी से कटकर पानी में समा रही है। इससे खेतों के साथ घरों पर भी खतरा मंडराने लगा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कटान रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल मौके पर टीम भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराने और बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने पत्थर, परक्युपाइन, बोरियां समेत अन्य सुरक्षात्मक सामग्री लगाकर नदी की धार को आबादी की ओर बढ़ने से रोकने की मांग की है।

प्रशासन ने विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और टूटे तारों से दूर रहने तथा किसी भी जनहानि, पशुहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना तत्काल देने को कहा है। तहसील प्रशासन का कहना है कि शारदा के जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *