आज की ताजा खबर

सपा में लौटे डॉ. रत्नेश गंगवार का बीसलपुर में जोरदार स्वागत

top-news

 सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे समर्थक, जनसभा में बोले- एकजुट होकर पार्टी को जिताएं

 शोएब खान

पीलीभीत। समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद 130 बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र में पहली बार पहुंचे डॉ. रत्नेश गंगवार का पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। खनंका पुल के पास सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

इसके बाद रोहनिया, चठिया सेवाराम, चीनी मिल, इमरान के आवास, ईदगाह चौराहा, बस स्टैंड और पटेल नगर समेत कई स्थानों पर स्वागत किया गया। स्वागत जुलूस के बाद डॉ. रत्नेश गंगवार तारा बैंकर्स हॉल स्थित अपने कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि वह शुरू से समाजवादी पार्टी की विचारधारा से जुड़े रहे हैं और लंबे समय तक पार्टी में सेवा की है। कुछ कारणों से वह और उनकी पत्नी प्रियंका गंगवार दूसरे दल में चले गए थे, लेकिन वहां उन्हें सिर्फ झूठे वादे मिले। उनके अनुसार गांव, गरीब और किसान की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है।


उन्होंने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनकी पत्नी जिला सहकारी बैंक की डायरेक्टर हैं। किसान खाद के लिए फोन करते हैं, लेकिन पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण वह उनकी मदद नहीं कर पाते हैं। इससे उन्हें पीड़ा होती है।

उन्होंने आवारा पशुओं की समस्या पर भी सरकार को घेरा। कहा कि किसान दिन-रात खेतों की रखवाली करते हैं, लेकिन आवारा सांड फसलों को बर्बाद कर देते हैं। ऐसे में किसान अपने परिवार का भरण-पोषण कैसे करेगा। बीसलपुर क्षेत्र के विकास का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि 130 बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र प्रदेश के सबसे पिछड़े क्षेत्रों में शामिल है।

बीसलपुर-शाहजहांपुर, बरेली और दियोरिया कला मार्गों की स्थिति खराब है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मेहनत करने का आह्वान किया। कहा कि इस बार बीसलपुर से समाजवादी पार्टी को 50 हजार से अधिक मतों से जिताकर अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने में योगदान देना है। कार्यक्रम का संचालन रामप्रताप गंगवार ने किया।

इस दौरान पूर्व महामंत्री राम सिंह गंगवार, सुधा यादव, राम सिंह यादव, हाकिम सिंह यादव, बंटी शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बीडी प्रजापति, यासीन अंसारी, पूर्व नगर अध्यक्ष बलीउल्लाह, मक्तदिर हयात खां, महबूब मंसूरी राजू, जिला पंचायत सदस्य अकील अंसारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गायत्री गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष शैलेश शर्मा, अभिषेक गंगवार, राशिद अल्वी, जीवेन्द्र गंगवार, विवेक गंगवार, भगवत शरण, देवेंद्र कुमार, अकरम अंसारी, दानिश अल्वी, नन्हे चौधरी, अंकित वर्मा, उजाला बाबू और श्रीपाल निराला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *