आज की ताजा खबर

एआरटीओ कार्यालय देख एडीएम का चढ़ा पारा, जगह-जगह मिली पान-गुटखे की पीक

top-news

डीएम के निर्देश पर एडीएम वित्त ने किया औचक निरीक्षण

विश्व मोहन बाजपेई

शाहजहाँपुर। आरटीओ कार्यालय में निरीक्षण के दौरान  जगह-जगह पान-पुड़िया की पीक देखकर एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने नाराज़गी जताई। उन्होंने कर्मचारियों को कार्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ पान-मसाला और गुटखा खाने वालों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।

डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर एडीएम वित्त ने एआरटीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने एक-एक कर विभिन्न पटलों पर पहुंचकर कर्मचारियों के कामकाज की जानकारी ली। कार्यालय में अपना काम कराने पहुंचे लोगों से भी बातचीत की।


लोगों ने अपने काम होने की बात कही और किसी तरह की शिकायत नहीं बताई। निरीक्षण में कार्यालय की सामान्य साफ-सफाई व्यवस्था ठीक मिली, लेकिन जगह-जगह पान-मसाला और गुटखे की पीक के निशान देखकर एडीएम ने नाराजगी जताई।

उन्होंने कार्यालय को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए। कहा कि नया भवन होने के बावजूद इस तरह गंदगी नहीं होनी चाहिए। एडीएम ने दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए रैंप और शौचालय का भी निरीक्षण किया। दोनों व्यवस्थाएं सही मिलीं।

इसके बाद उन्होंने पटल संख्या एक पर अमरेंद्र कुमार से कामकाज की जानकारी ली। वसूली पत्रों के रख-रखाव और राजस्व वसूली की स्थिति भी देखी। तहसीलवार वसूली रजिस्टर का अवलोकन किया गया।

एडीएम ने एआरटीओ को निर्देश दिए कि बड़े बकायेदारों की वसूली का ब्योरा अलग से तैयार कर उनके कार्यालय में उपलब्ध कराया जाए, ताकि राजस्व वसूली की नियमित समीक्षा की जा सके। पटल संख्या दो पर विनीत कुमार सिंह कार्य करते मिले।

एडीएम ने नए वाहनों के पंजीयन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली और संबंधित कार्य को नियमानुसार समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने स्पष्ट किया कि कार्यालय में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिले और सरकारी कार्यों में अनावश्यक परेशानी न हो।साफ-सफाई और व्यवस्था को लेकर भी कर्मचारियों को गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *