आज की ताजा खबर

साइबर थाना सुलतानपुर की कार्रवाई, दो पीड़ितों के 96,400 रुपये वापस कराए

top-news

बैंक खातों को फ्रीज कराकर साइबर ठगी की रकम कराई गई वापस

पुलिस ने लोगों से 1930 पर तत्काल शिकायत करने की अपील की

सुशील चंद्र मिश्र

सुलतानपुर। साइबर थाना सुलतानपुर की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के दो पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने दोनों मामलों में ठगी गई कुल 96,400 रुपये की धनराशि वापस करा दी। पुलिस की कार्रवाई में जालसाजों के बैंक खातों को फ्रीज कराने के साथ संबंधित बैंकों से पत्राचार किया गया।

मोबाइल बैंकिंग से ठगी के मामले में लौटाए 80 हजार

पुलिस के अनुसार, कस्बा पांचो पीरन, इमामदीन का पुरवा निवासी मो. कासिम पुत्र मो. मुस्लिम के साथ मोबाइल बैंकिंग के जरिए साइबर ठगी की गई थी। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में कार्रवाई शुरू की गई और शिकायत को एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराया गया।

साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जालसाजों के बैंक खातों को फ्रीज कराया और संबंधित बैंक से संपर्क किया। इसके बाद पीड़ित के खाते में 80,000 रुपये वापस करा दिए गए।


दूसरे पीड़ित की पूरी रकम भी वापस

इसी तरह लम्भुआ थाना क्षेत्र के ग्राम धनेछ निवासी सुभाष गौतम पुत्र पूर्णमासी के साथ साइबर ठगी कर 16,400 रुपये हड़प लिए गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एनसीआरपी पोर्टल पर मामला दर्ज कराया और संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की।

पुलिस के प्रयास से पीड़ित को उसकी पूरी 16,400 रुपये की धनराशि वापस मिल गई। इस तरह दोनों मामलों में कुल 96,400 रुपये वापस कराए गए।

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

सुलतानपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर समय बर्बाद किए बिना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा साइबर थाना सुलतानपुर के मोबाइल नंबर 9454401121, 7839863768 और 9670798706 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, ठगी गई रकम को सुरक्षित कराने और वापस दिलाने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *