आज की ताजा खबर

बदायूं पुलिस ने आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान, 135 में से मिले 135 अंक

top-news

अगस्त 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट में शत-प्रतिशत प्रदर्शन, 22 में से 15 थानों ने भी प्रदेश में पाई प्रथम रैंक

एसएसपी अंकिता शर्मा के नेतृत्व में जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को मिली बड़ी सफलता

परविन्दर प्रताप सिंह

बदायूं। जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में बदायूं पुलिस ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश सरकार के जनसुनवाई पोर्टल आईजीआरएस की अगस्त 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट में बदायूं पुलिस ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले को निर्धारित सभी मानकों पर शत-प्रतिशत प्रदर्शन के साथ 135 में से 135 अंक मिले हैं।

सभी मानकों पर मिला शत-प्रतिशत प्रदर्शन

शासन की मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार बदायूं जिले में आईजीआरएस से जुड़े किसी भी संदर्भ को डिफॉल्टर नहीं पाया गया। शिकायतों के निस्तारण, जनता के फीडबैक और उच्चाधिकारियों द्वारा किए गए श्रेणीकरण समेत सभी निर्धारित मानकों पर जिले को पूरे अंक मिले।

बदायूं पुलिस की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि जिले के 22 में से 15 थानों ने भी प्रदेश स्तर पर प्रथम रैंक हासिल की है। इसे जनशिकायतों के निस्तारण में जिले की पुलिस व्यवस्था की बेहतर कार्यप्रणाली के रूप में देखा जा रहा है।

एसएसपी के नेतृत्व और मॉनिटरिंग को सफलता का आधार

पुलिस के अनुसार, इस उपलब्धि में एसएसपी अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, पर्यवेक्षण और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता के साथ सुनने और थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

एसएसपी ने इस सफलता पर आईजीआरएस टीम और पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने एसपी सिटी एवं नोडल अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक अशोक कुमार काम्बोज सहित आईजीआरएस सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा की।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि जनशिकायतों का पारदर्शी, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण बदायूं पुलिस की प्राथमिकता है। 135 में से 135 अंक मिलना पूरी टीम की मेहनत और जनता के प्रति जवाबदेही का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पुलिस आगे भी इसी संवेदनशीलता के साथ जनसेवा के लिए काम करती रहेगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *