आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत चला व्यापक जागरूकता अभियान, महिलाओं को सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

top-news

स्कूल-कॉलेज से लेकर गांवों और बाजारों तक पहुंचीं मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीमें, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक

महिला सशक्तिकरण योजनाओं के साथ साइबर अपराध, आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों की भी दी जानकारी

सुशील चंद्र मिश्र

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत सुलतानपुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों, एंटी रोमियो टीमों और महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं, छात्र-छात्राओं और आमजन से संवाद किया।

अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस टीमों ने महिला सुरक्षा के साथ साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।


जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क की अपील

जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 112, महिला संबंधी सहायता के लिए 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा के लिए 108 और साइबर अपराध की स्थिति में 1930 पर संपर्क किया जा सकता है।

महिलाओं को समझाया गया कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, साइबर अपराध या किसी अन्य अपराध की स्थिति में चुप न रहें। ऐसी परिस्थितियों में निर्भीक होकर पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन की मदद लेने के लिए उन्हें प्रेरित किया गया।


महिला कल्याण योजनाओं की दी जानकारी

मिशन शक्ति अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सरकार की विभिन्न सशक्तिकरण एवं कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना प्रमुख रहीं।

इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों और महिला स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र महिलाओं को संबंधित विभागों के माध्यम से योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं को आत्मनिर्भरता, कौशल विकास, स्वरोजगार, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के महत्व के बारे में भी बताया

ग्राम चौपाल में अधिकारों और कानून की जानकारी

ग्रामीण क्षेत्रों में महिला बीट अधिकारियों और मिशन शक्ति टीमों ने ग्राम चौपाल, महिला संवाद और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी गई। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, बाल श्रम और महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।

महिलाओं से अपनी समस्याएं पुलिस और संबंधित विभागों तक पहुंचाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई। साथ ही उन्हें अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके

अभियान के दौरान साइबर सुरक्षा को लेकर भी आमजन को सतर्क किया गया। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट और ऐप से सावधान रहने की सलाह दी। लोगों को ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड, बैंक खाते और पासवर्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने के लिए कहा गया।

पुलिस टीमों ने बताया कि साइबर अपराध होने की स्थिति में बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ सकती है।

एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर किया संवाद

एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगातार भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया। उन्हें आत्मरक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा के उपायों के साथ सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई।

पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अभियान के माध्यम से पुलिस ने महिला सुरक्षा के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं, कानूनी अधिकारों और आत्मनिर्भरता के अवसरों से जोड़ने पर भी जोर दिया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *