आज की ताजा खबर

उतरौला-श्रृंगार जोत मार्ग बना जान का जंजाल, बीच सड़क में 4 फीट गहरा गड्ढा

top-news

महुआ धनी चौराहे पर सड़क धंसी, स्कूली बच्चों से भरा ई-रिक्शा पलटा, ग्रामीण बोले - जिम्मेदार मौन ?

बी.पी.त्रिपाठी

 महुआ बाजार (बलरामपुर) । उतरौला तहसील को श्रृंगार जोत से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क इन दिनों हादसों का कारण बनी हुई है। महुआ धनी स्थित धनी चौराहा मोड़ पर सड़क पूरी तरह से टूटकर धंस गई है। बीच सड़क में करीब 3 से 4 फीट गहरा और 6 फीट चौड़ा बड़ा गड्ढा बन गया है। उसमें जलभराव होने से यह मौत के कुएं जैसा बन गया है। स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर यहां से गुजरने को मजबूर हैं।

समाजसेवी राम बेचन शास्त्री ने बताया कि बीते सोमवार सुबह करीब 8 बजे स्कूल जा रहे बच्चों से भरा ई-रिक्शा इसी गड्ढे में अनियंत्रित होकर पलट गया। रिक्शा पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार मच गई। कई बच्चे रिक्शा के नीचे दब गए। मौके पर खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों और राहगीरों ने दौड़कर कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक कर बच्चों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि बच्चों को हल्की-फुल्की चोटें ही आईं, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता है


यह पहला हादसा नहीं है। दो दिन पहले बेलवा बिजौरा निवासी व्यापारी ध्रुव केशरवानी की सीमेंट लदी ट्रॉली भी इसी गड्ढे में पलट गई। ट्रॉली पर लदे 100 बैग सीमेंट पानी में गिरकर खराब हो गए, जिससे व्यापारी को करीब 40 से 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा रोजाना आधा दर्जन बाइक सवार भी गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

ग्रामीण शौकत अली खां ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों व स्कूली बच्चों, एम्बुलेंस और किसानों का आना-जाना है। कई बार पीडब्ल्यूडी विभाग और तहसील प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिलता है।

राजेश यादव और राम कुबेर चौहान ने कहा कि बरसात के बाद सड़क की हालत और भी खराब हो गई है। अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो ग्रामीणों को मजबूरन चक्का जाम और धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह मार्ग उतरौला को कई ग्राम पंचायतों से जोड़ता है, फिर भी विभाग आंख मूंदे बैठा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बलरामपुर और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस गड्ढे को तुरंत भरवाकर सड़क को गड्ढा मुक्त किया जाए।  

यह मार्ग महुआ बाजार, बेलवा बिजौरा, महुआ धनी, श्रृंगार जोत, पाली पाला मटियरिया कर्मा समेत 10 से अधिक गांवों को उतरौला तहसील मुख्यालय से जोड़ता है। सड़क टूटने से किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में भी भारी परेशानी हो रही है

इस संबंध में जब पीडब्ल्यूडी के जेई से बात करने की कोशिश की गई तो उनका फोन नहीं उठा। वहीं तहसील के उप जिलाधिकारी उतरौला योगेंद्र शरण शाह,ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जल्द ही निरीक्षण कराकर मरम्मत कराई जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *