आज की ताजा खबर

बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में आधुनिक शिक्षा के साथ खेल एवं नवाचार का संगम पीएम श्री विद्यालय कंचौसी बना आकर्षण का केन्द्र

top-news

रोहित अवस्थी

औरैया। जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालय अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक, खेलकूद एवं नवाचार के क्षेत्र में निरन्तर नई पहचान स्थापित कर रहे हैं। कभी केवल परम्परागत शिक्षण व्यवस्था के लिए पहचाने जाने वाले परिषदीय विद्यालय आज स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, आधुनिक प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं, फर्नीचर, सीसीटीवी कैमरा एवं वाई-फाई जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।

इसी बदलाव की एक शानदार तस्वीर जनपद के पीएम श्री विद्यालय कंचौसी, में देखने को मिल रही है। शासन द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाएं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के फलस्वरूप विद्यालय में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, शारीरिक गतिविधियों एवं रचनात्मक अधिगम के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।


विद्यालय में बच्चों के खेल एवं शारीरिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न आउटडोर एवं इनडोर गेम्स की सुविधाएं उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए ताइक्वांडो, कुश्ती, टेबल टेनिस, तीरंदाजी सहित विभिन्न खेलों से सम्बन्धित आवश्यक उपकरण एवं सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इससे विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अपनी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप खेलों का अभ्यास करने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिल रहा है।

विद्यालय में शिक्षा को रोचक, प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने के लिए डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास एवं लर्निंग बाई डूइंग लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें गतिविधि आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विद्यालय की समस्त कक्षाओं में फर्नीचर की व्यवस्था, परिसर में सीसीटीवी कैमरे, वाई-फाई सुविधा तथा अन्य आवश्यक शैक्षिक संसाधनों की उपलब्धता से विद्यालय का वातावरण आधुनिक एवं आकर्षक बना है। कक्षाओं में तकनीक के समुचित उपयोग से बच्चों में सीखने के प्रति रुचि उत्पन्न हो रही है तथा शिक्षक भी आधुनिक शिक्षण विधियों का प्रभावी उपयोग कर रहे हैं।

पीएम श्री विद्यालय कंचौसी में शिक्षा के साथ बच्चों की शारीरिक, मानसिक, रचनात्मक एवं सामाजिक क्षमताओं के विकास पर समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है। विद्यालय का शैक्षिक स्तर एवं भौतिक परिवेश इस बात का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है कि सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं शिक्षकों के प्रयासों के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

विद्यालय में बच्चों की शैक्षिक एवं शारीरिक गतिविधियों को देखकर यह स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है कि बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालय अब आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नये केन्द्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। पीएम श्री विद्यालय कंचौसी इस परिवर्तन का एक प्रेरणादायी उदाहरण है, जहां सरकारी विद्यालय के बच्चे आधुनिक संसाधनों के बीच अध्ययन करने के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा बताया गया कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का उद्देश्य केवल विद्यालय भवन एवं संसाधनों का विकास करना नहीं, बल्कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर और उसकी प्रतिभा को निखारने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। जनपद के परिषदीय विद्यालय इस दिशा में निरन्तर आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में सरकारी विद्यालयों को शिक्षा, खेल, नवाचार एवं तकनीकी अधिगम के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रयास जारी हैं।

पीएम श्री विद्यालय कंचौसी की तस्वीर यह संदेश देती है कि सरकारी विद्यालयों में भी बच्चों को आधुनिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभा विकास के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालय आज बदलते भारत की नई शैक्षिक तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *