आज की ताजा खबर

कतर्नियाघाट में दहशत का पर्याय बना तेंदुआ पिंजरे में हुआ कैद,ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

top-news

वीरेंद्र श्रीवास्तव वीरू

बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज में कई दिनों से ग्रामीणों में दहशत फैला रहा तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। महबूबनगर गांव के पास लगाए गए पिंजरे में बुधवार भोर तेंदुआ फंस गया। उसके पकड़े जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए की चहलकदमी देखी जा रही थी। मंगलवार को इसी तेंदुए के हमले में राम सिंह नाम के युवक की मौत हो गई थी, जिसके बाद गांवों में आक्रोश और भय का माहौल बन गया था। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाते हुए महबूबनगर में पिंजरा लगाया था।

बुधवार सुबह पिंजरे में तेंदुआ कैद होने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित ककरहा रेंज कार्यालय ले आई।

प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि पकड़े गए तेंदुए का चिकित्सकों की टीम से स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। अधिकारियों के निर्देश और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वस्थ पाए जाने पर उसे उपयुक्त प्राकृतिक वास में छोड़ा जाएगा।

तेंदुआ पकड़े जाने के बाद वन विभाग ने भी राहत महसूस की है, साथ ही ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल व वन क्षेत्र के आसपास अकेले न जाएं और सतर्कता बरतें।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *