आज की ताजा खबर

घाघरा के कटान और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण, 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश

top-news

बाढ़ पीड़ितों का जाना हाल, हर संभव मदद का दिया भरोसा; नदी में समाई खेती की जमीन के मुआवजे का आश्वासन

शोभित शुक्ला

सूरतगंज (बाराबंकी)। सूरतगंज ब्लॉक क्षेत्र के हेतमापुर में घाघरा नदी के बढ़ते कटान और बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए बुधवार शाम करीब सात बजे जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह रामनगर तहसील प्रशासन के अमले के साथ मौके पर पहुंचे। डीएम ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करते हुए बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने ग्रामीणों को प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को घाघरा नदी के लगातार हो रहे कटान से उपजाऊ कृषि भूमि के नदी में समाने और फसलों को हो रहे नुकसान की जानकारी दी। ग्रामीणों ने बताया कि कटान के चलते किसानों की वर्षों की मेहनत से तैयार खेती की जमीन लगातार नदी की धारा में समा रही है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने कटान रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम कराने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।


ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद डीएम ईशान प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कटान प्रभावित क्षेत्र में 24 घंटे सतर्क रहने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी के जलस्तर और कटान की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कटान को रोकने के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने और जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए।


जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रशासन उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह गंभीर है। किसी भी बाढ़ पीड़ित को परेशानी नहीं होने दी जाएगी और जरूरत के अनुसार राहत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं नदी के कटान में किसानों की जमीन और फसलों को हुए नुकसान को लेकर डीएम ने प्रभावित ग्रामीणों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। डीएम के दौरे से बाढ़ और कटान प्रभावित ग्रामीणों में प्रशासन से राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटान रोकने के ठोस इंतजाम किए जाएं तो उनकी बची हुई कृषि भूमि और आसपास के गांवों को नुकसान से बचाया जा सकता है। इस मौके पर रामनगर एसडीएम आकांक्षा गुप्ता, तहसीलदार विपुल सिंह सहित तहसील प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *