आज की ताजा खबर

सोते समय सात वर्षीय राधिका को सांप ने डसा, सैफई में उपचार के दौरान मौत,परिवार में मचा कोहराम

top-news

कमरे की दीवार पर सांप दिखने पर परिजनों ने मार डाला

रोहित अवस्थी

ऐरवाकटरा औरैया। थाना क्षेत्र के कुकरकाट गांव में बुधवार रात चारपाई पर सो रही सात वर्षीय बच्ची को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी ऐरवा कटरा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत में मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया। सैफई में उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।

कुकरकाट निवासी संजीव कुमार ने बताया कि बुधवार रात वह अपनी पत्नी कंचन, सात वर्षीय बेटी राधिका, 11 वर्षीय बेटे हर्षित और चार वर्षीय बेटी अनुष्का के साथ कमरे में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे राधिका के हाथ में सांप ने डस लिया। दर्द होने पर बच्ची रोने लगी, जिससे माता-पिता की नींद खुल गई। पूछने पर राधिका ने किसी कीड़े के काटने की बात बताई।

परिजनों ने उसके हाथ की उंगली देखी तो सांप के डसने के दो निशान दिखाई दिए। इसी दौरान सांप कमरे की दीवार पर चढ़ता दिखाई दिया। परिजनों ने सांप को मार दिया। इसके बाद राधिका को आनन-फानन सीएचसी ऐरवा कटरा ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई रेफर कर दिया। सैफई में उपचार के दौरान राधिका ने दम तोड़ दिया।

बच्ची का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। राधिका की मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि घटना के संबंध में परिजनों की ओर से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *