आज की ताजा खबर

रुहेली में बारिश ने ढहाया किसान का आशियाना, पक्की छत और दीवार गिरने से अनाज समेत घरेलू सामान मलबे में दबा

top-news

लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का किया आकलन; पीड़ित को मुआवजे का भरोसा

ऋषि मिश्रा

फफूंद औरैया। लगातार हो रही बारिश के चलते भाग्यनगर ब्लॉक के रुहेली गांव में मंगलवार को एक किसान के मकान की पक्की छत और दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में कमरे के अंदर रखा घरेलू सामान और अनाज की कई बोरियां मलबे में दब गईं। इससे किसान को काफी नुकसान हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य बरामदे और दूसरे कमरों में मौजूद थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

रुहेली निवासी किसान गया प्रसाद अपने भाइयों उमाशंकर, अजय कुमार और हरनाम के साथ रहते हैं। सभी भाई खेती-किसानी का काम करते हैं। गया प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को लगातार बारिश के बीच मकान के एक कमरे की पक्की छत और दीवार अचानक गिर गई। छत और दीवार के मलबे में घरेलू सामान के साथ अनाज की बोरियां दब गईं। हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और सामान सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है।

ग्रामीणों ने घटना की जानकारी प्रधान प्रतिनिधि दिनेश कुमार और क्षेत्रीय लेखपाल तान्या अवस्थी को दी। सूचना पर लेखपाल मौके पर पहुंचीं और मकान का निरीक्षण कर बारिश से हुए नुकसान का आकलन किया। उन्होंने मलबे में दबे सामान और अनाज से हुए नुकसान की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।

लेखपाल ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से किसान को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *