आज की ताजा खबर

मूसलाधार बारिश के कारण कच्चा मकान गिरने से तीन लोगों की मृत्यु, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

top-news

रमेश द्विवेदी 

चित्रकूट l जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण विकासखंड कर्वी अंतर्गत ग्राम पंचायत बराछी में एक कच्चा मकान गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दुखद मृत्यु हो गई। हादसे में मकान स्वामी कल्लू यादव (32 वर्ष), पुत्र बब्बू यादव, उनके पांच वर्षीय पुत्र अंश तथा एक वर्षीय दुधमुंही बच्ची की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना में कल्लू यादव की पत्नी कुंता देवी (30 वर्ष) तथा उनकी चार वर्षीय पुत्री अंशिका घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।


घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने पीड़ित परिजनों को हर संभव सहायता एवं सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा परिवार की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के रहने के लिए आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही बच्चों की शिक्षा एवं पात्रता के अनुसार पेंशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल में उपस्थित चिकित्सकों को निर्देशित किया कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि दोनों घायलों की विशेष निगरानी रखते हुए पूरी देखभाल एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक राहत एवं सहायता की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जा रही है।


https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *