आज की ताजा खबर

24 घंटे में चेन स्नैचिंग का पुलिस ने किया खुलासा, मुठभेड़ में शातिर बदमाश के पैर में लगी गोली

top-news

वीरेंद्र श्रीवास्तव वीरू

बहराइच। मटेरा थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। बुधवार देर रात करीब 1 बजे क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और मटेरा पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक शातिर अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से नानपारा की ओर फरार हो गया।

क्या है मामला

पुलिस के अनुसार 1 सितंबर को गंगोत्री पत्नी सुरेंद्र निवासी सुआगाड़ा, थाना कोतवाली लखीमपुर खीरी अपनी रिश्तेदारी से लौट रही थीं। वह नानपारा के जंगलीनाथ स्थित अपने फूफा के घर आई थीं।


वापस जाते समय गुलालपुरवा टोल प्लाजा से पहले बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से पीली धातु का मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर मटेरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन टीमों का गठन किया था। स्वॉट टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपियों के हुलिए और बाइक के बारे में अहम सुराग मिले।

ऐसे हुई मुठभेड़

बुधवार रात मुखबिर ने सूचना दी कि लूट में शामिल बदमाश बिलवा नहर मोड़ के पास देखे गए हैं। स्वॉट और मटेरा पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने जानलेवा नीयत से फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब निवासी अगपुरब शेख दाहिर, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, चोरी की होंडा साइन बाइक (UP32GW4289) और लूटा गया पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद हुआ है।

घायल आरोपी को सीएचसी रिसिया में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक लूट और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांछित था।

फरार दूसरे आरोपी की पहचान असलम के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और क्षेत्र में लगातार कांबिंग की जा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *