आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में शोहदों पर लगेगी पुलिस की नजर, छात्राओं के फीडबैक से चिन्हित होंगे संवेदनशील स्थान

top-news

मिशन शक्ति के तहत एंटी रोमियो स्क्वाड को मिलेगा छात्राओं और महिलाओं का फीडबैक, तय स्थानों पर बढ़ाई जाएगी निगरानी

दोबारा छेड़छाड़ पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी, पहली बार पकड़े जाने पर शोहदों को दिया जाएगा रेड कार्ड

सुशील चंद्र मिश्र

सुलतानपुर, 3 सितंबर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए सुलतानपुर पुलिस मिशन शक्ति के तहत एक अभिनव पहल शुरू करने जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में अब छात्राओं और महिलाओं से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर शोहदों और मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार जिले की सभी एंटी रोमियो स्क्वाड टीमें अपने-अपने क्षेत्र के स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य स्थानों पर पहुंचकर छात्राओं को फीडबैक फॉर्म उपलब्ध कराएंगी। इसके माध्यम से छात्राओं से उन स्थानों, समय और परिस्थितियों के बारे में सुझाव लिए जाएंगे, जहां उन्हें शोहदों या मनचलों के जमावड़े अथवा छेड़छाड़ जैसी गतिविधियों का सामना करना पड़ता है।


फीडबैक के आधार पर होगी संवेदनशील स्थानों की मैपिंग

पुलिस के मुताबिक छात्राओं से प्राप्त फीडबैक में सामने आने वाले बिंदुओं को थाना स्तर पर चिन्हित कर उनकी मैपिंग की जाएगी। इससे एंटी रोमियो टीमों को उन स्थानों की जानकारी मिल सकेगी, जहां छात्राओं और महिलाओं के साथ छींटाकशी या अपमानजनक टिप्पणी किए जाने की शिकायतें सामने आती हैं।

फीडबैक के आधार पर चिन्हित दुकानों, मॉल, गली-मोहल्लों, पार्कों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास के क्षेत्रों समेत अन्य स्थानों पर एंटी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। पुलिस का उद्देश्य ऐसे स्थानों पर निगरानी को अधिक प्रभावी बनाना है, जहां मनचलों के जमावड़े की जानकारी सामने आएगी।


पहली कार्रवाई में रेड कार्ड, दोबारा हरकत पर सख्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक के अनुसार फीडबैक के आधार पर चिन्हित स्थानों पर कार्रवाई के दौरान एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा मनचलों को पकड़े जाने पर रेड कार्ड दिया जाएगा। पुलिस इसे अंतिम चेतावनी के तौर पर जारी करेगी।

यदि रेड कार्ड प्राप्त व्यक्ति दोबारा इसी तरह की हरकत करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेड कार्ड पाने वाले व्यक्ति का पूरा विवरण एंटी रोमियो टीम द्वारा निर्धारित प्रारूप में दर्ज किया जाएगा और भविष्य के रिकॉर्ड के लिए सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जा सके।

छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

पुलिस के मुताबिक इस पहल का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं की सीधे तौर पर भागीदारी बढ़ाकर ऐसे स्थानों की पहचान करना है, जहां मनचलों का जमावड़ा रहता है। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस का प्रयास है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था को उनके फीडबैक के आधार पर और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

इसके अलावा सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी अलग-अलग स्कूल, कॉलेज और संस्थानों में जाकर छात्राओं को 1090 वीमेन पावरलाइन, डायल 112 और एंटी रोमियो स्क्वाड के संबंध में जागरूक करेंगे। पुलिस की ओर से छात्राओं और महिलाओं से अपील की गई है कि वे बिना झिझक अपनी समस्याओं और संवेदनशील स्थानों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *