आज की ताजा खबर

पांच सूत्रीय जनहित मांगों को लेकर कांग्रेसियों ने डीएम से की जांच और कार्रवाई की मांग

top-news

 कुशीनगर। खड्डा नगर पंचायत सहित विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कुशीनगर को पत्र भेजकर पांच सूत्रीय मांगों पर जांच कराकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने पत्र उपजिलाधिकारी खड्डा के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजा है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत खड्डा के वार्ड संख्या-6 सिविल लाइन में पं. दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत विवाह भवन का निर्माण करीब नौ वर्षों से चल रहा है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद भवन का उपयोग नागरिकों के लिए नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी टीम से जांच कराने तथा भवन को शीघ्र जनहित में उपयोग में लाने की मांग की।

दूसरी मांग में खड्डा विधानसभा क्षेत्र में नल-जल योजना के कार्यों की जांच कराने की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कई गांवों में अभी तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। वहीं, पानी की टंकियों, पाइपलाइन और अन्य कार्य अधूरे होने के बावजूद भुगतान किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। कांग्रेस ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में तत्काल जलापूर्ति शुरू कराने के साथ ही कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की।

तीसरे बिंदु में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसलों और किसानों को हुए नुकसान का सर्वे कराने तथा नदी कटान से प्रभावित किसानों की भूमि का सर्वे कराकर नियमानुसार सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग की गई है।

चौथे बिंदु में नारायणी नदी के ठोकर नंबर-3 से वीराभार-पनियहवा पुल तक आवागमन करने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खेती-किसानी के लिए ग्रामीण नाव के माध्यम से नदी पार करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में क्षेत्र में स्थायी रूप से एनडीआरएफ अथवा पुलिस चौकी स्थापित किए जाने की मांग की गई है।

पांचवें बिंदु में कांग्रेस पदाधिकारी केशव प्रसाद गुप्ता की भूमि से संबंधित मामले का उल्लेख किया गया है। पत्र के अनुसार, मौजा बुलहवां, वार्ड नंबर-7 आजाद नगर, नगर पंचायत छितौनी, थाना हनुमानगंज, तहसील खड्डा में अवैध कब्जे से संबंधित मामले में जिलाधिकारी ने तहसील दिवस के दौरान 6 जून 2026 को उपजिलाधिकारी खड्डा को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उक्त आदेश का अभी तक अनुपालन नहीं कराया गया है। उन्होंने अवैध कब्जा हटाने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने पांचों मामलों में जिला स्तर पर जांच टीम गठित कर भौतिक सत्यापन एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पत्र में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस पार्टी धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस दौरान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी धनंजय सिंह पहलवान, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश बहादुर, ब्लॉक अध्यक्ष खड्डा अनिरुद्ध गुप्ता, ब्लॉक उपाध्यक्ष केशव प्रसाद गुप्ता, पूर्व महासचिव संजय कुमार पांडेय, दिलीप सिंह श्रीनेत, ठाकुर भारती, कलामुद्दीन, साजिद अली, डॉ. एनटी खान, वाजिद अली, मुबारक अली, इमामुद्दीन सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *