आज की ताजा खबर

राधा - कृष्ण के मनमोहक स्वरूप ने मोहा मन

top-news

ज्वाला देवी में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी

लोक भारती न्यूज ब्यूरो

प्रयागराज। ज्वाला देवी सरस्वती शिशु मंदिर, सिविल लाइन्स में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास एवं भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आज मनाया गया। राधा - कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजे नन्हे - मुन्ने भैया - बहिनों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी विभिन्न लीलाओं पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय सह-संगठन मंत्री डॉ. राममनोहर जी*, प्रदेश निरीक्षक श्री शेषधर द्विवेदी जी, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री राकेश कुमार सिंह जी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री इन्द्रजीत त्रिपाठी जी ने माँ सरस्वती की वंदना एवं श्रीकुंजबिहारी जी की आरती के साथ किया।


इस अवसर पर डॉ. राममनोहर जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्म एवं प्रेम का संदेश देता है। जन्माष्टमी जैसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने तथा उनमें संस्कार एवं नैतिक मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रदेश निरीक्षक श्री शेषधर द्विवेदी जी ने राधा-कृष्ण के स्वरूप में आए सभी भैया-बहिनों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यालय द्वारा किए जा रहे सांस्कृतिक एवं संस्कारपरक प्रयासों की सराहना की।

विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य श्री फूलचन्द मिश्र जी ने जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों एवं संदेशों पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए।

राधा-कृष्ण के स्वरूप में आए भैया-बहिनों को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु, आचार्या बहिनें एवं अभिभावक बंधु-भगिनी उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *