आज की ताजा खबर

खंभे में उतरे करंट से बाप-बेटे की दर्दनाक मौत, खेत में पड़े मिले शव

top-news

अमरदीप शुक्ला

कांट, शाहजहांपुर। थाना कांट क्षेत्र के इंदेपुर गांव में गुरुवार को खेत की बाउंड्री पर करंट का तार लगाते समय करंट की चपेट में आने से बाप-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।

इंदेपुर निवासी श्यामचरण (59) खेती करने के साथ गांव में परचून की दुकान चलाते थे। परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब छह बजे खेत पर गए थे। खेत में बाजरे की फसल को जानवरों से बचाने के लिए वह घर से करंट मशीन के जरिए तार डालकर खे की बाउंड्री पर करंट वाला तार लगा रहे थे।

बताया गया कि इसी दौरान तार किसी खंभे के अर्थिंग वाले तार के संपर्क में आ गया और श्यामचरण करंट की चपेट में आ गए। काफी देर तक पिता के घर नहीं लौटने पर उनका छोटा बेटा सुमित (22) करीब आठ बजे खेत पर पहुंचा। पिता को करंट लगा देखकर उसने तार हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे जब लोग खेत की ओर पहुंचे तो दोनों पिता-पुत्र मृत पड़े मिले। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन पोस्टमार्टम न कराने की मांग कर रहे थे।

तीन महीने के मासूम के सिर से उठा पिता का साया

श्यामचरण के परिवार में पत्नी मीना के अलावा तीन बेटे अनिल, शिवकुमार और सुमित तथा एक बेटी थी। सुमित की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें दो वर्षीय बेटी आरती और तीन महीने का बेटा अनुराग है। पिता-पुत्र की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुंचे

हादसे की सूचना पर विधायक अरविंद कुमार सिंह, कांट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार, तहसीलदार ऋषि दीक्षित, सपा नेता लखन प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष सत्यपाल सिंह और हरजीत चौहान समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और परिजनों से बातचीत की।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *