आज की ताजा खबर

पूरनपुर में पांच हजार संदिग्ध मतदाताओं का मामला उठा, सपा ने जांच की मांग

top-news

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, मतदाता सूची का गहन सत्यापन कराने की मांग

 शोएब खान

पीलीभीत। विधानसभा क्षेत्र 129- पूरनपुर की मतदाता सूची में करीब पांच हजार संदिग्ध मतदाताओं के नाम दर्ज होने का दावा करते हुए समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार ‘राजू’ के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम मयंक गोस्वामी को सौंपा गया।

ज्ञापन सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ‘जग्गा’ के निर्देश पर सौंपा गया। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने अध्यक्षता की। सपा नेताओं ने ज्ञापन के साथ उपलब्ध प्रमाण और दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए संबंधित क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का गहन सत्यापन कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है। किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने या किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने की स्थिति में निष्पक्ष जांच जरूरी है। जांच में नाम गलत पाए जाने पर निर्वाचन नियमों के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।


समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार ‘राजू’ ने कहा कि पार्टी के पास करीब पांच हजार संदिग्ध मतदाताओं से संबंधित प्रमाण और तथ्य हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए है। निर्वाचन आयोग को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए।

विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि मतदाता सूची में सामने आए तथ्यों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। किसी पात्र मतदाता का नाम छूटना या अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल होना चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है।

सपा नेता कल्याण सिंह सरोज ने कहा कि लोकतंत्र में एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में किसी भी तरह की अनियमितता को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नोमान अली वारसी ने कहा कि मतदाता सूची में यदि गड़बड़ी पाई जाती है तो उसे दूर कराया जाना चाहिए।

सुधार नहीं होने पर पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी। ज्ञापन देने वालों में नोमान अली वारसी, ब्लॉक अध्यक्ष नजमूल हसन खान, तुफैल खान, सतीश वर्मा, खुर्शीद एडवोकेट, इमरान वली खान, ओमकार भारती, अहीद खान, ओम शर्मा, उस्मान शाह, अमित वर्मा, याकूब अंसारी, ठाकुर प्रसाद, शिवम यादव, नसरुद्दीन, बसीम खान, इमरान सलमानी, मो. सरताज, के. नारायण मिश्रा एडवोकेट, बसंत भारती, अजयपाल, फाजिल खान, राम भरोसे और अजय सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *