आज की ताजा खबर

श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ में धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी

top-news

कृष्ण जन्मोत्सव का भव्य मंचन, दही हांडी फोड़कर लगाए जय कन्हैया लाल के जयकारे

आरिफ सिद्दीकी

शाहजहांपुर। श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। स्वामी शुकदेवानंद स्मृति सभागार में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और बाल लीलाओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुमुक्षु संकुल के अधिष्ठाता एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री परम पूज्य स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती महाराज, स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह और वित्तीय अधिकारी डॉ. अर्चना त्रिपाठी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

विद्यालय के सचिव अशोक अग्रवाल ने स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती महाराज को पुष्पगुच्छ भेंट किया। कुलपति और कुलसचिव का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। प्रधानाचार्या डॉ. मेघना मेंहदीरत्ता ने भी अतिथियों का स्वागत किया।


कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा तीन से पांच तक के बच्चों ने माता-पिता वंदन गीत से की। इसके बाद विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों और लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। कक्षा दस की छात्रा अनुज्ञा ने कृष्ण जन्मोत्सव पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने विभिन्न युगों को नृत्य नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया।

गोकुल में कृष्ण जन्म की बधाई, प्रकृति संरक्षण पर आधारित कलियुग नृत्य, भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा और राधा-कृष्ण भक्ति पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विद्यालय के आर्केस्ट्रा ग्रुप के साथ राधा रानी की भक्ति पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने कृष्ण भक्ति से जुड़े गीतों पर नृत्य किया। छात्राओं ने ओडिशा की संस्कृति की झलक दिखाते हुए प्रस्तुति दी और रास-गरबा ने भी सभी को आकर्षित किया।

विद्यार्थियों ने भगवान विष्णु के दशावतार और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को भव्य बना दिया। अंत में ग्वालों के स्वरूप में सजे बच्चों ने दही हांडी फोड़ी। इस दौरान सभागार ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का संचालन अनुष्का गोयल, वंशिका खन्ना, त्रिशा सिंह और श्रुति ने किया।

समारोह के अंत में स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती महाराज ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह और वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अनुराग अग्रवाल ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानाचार्या डॉ. मेघना मेंहदीरत्ता ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शिक्षकों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का समापन प्रबंधतंत्र की ओर से प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *