आज की ताजा खबर

सीएचसी सादुल्लानगर में डीएम का औचक निरीक्षण, ओटी तत्काल शुरू कराने के निर्देश

top-news

बी.पी.त्रिपाठी

सादुल्लानगर,बलरामपुरजिलाधिकारी बिपिन कुमार जैन ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सादुल्लानगर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने अस्पताल परिसर के साथ विभिन्न कक्षों और वार्डों का निरीक्षण करते हुए मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर मिलेगी ऑपरेशन की सुविधा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को तत्काल पूर्ण रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को सिजेरियन ऑपरेशन के लिए दूसरे अस्पतालों की दौड़ न लगानी पड़े। इसके लिए ओटी से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराकर संचालन सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने लेबर रूम का निरीक्षण करते हुए 24 घंटे सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था बनाए रखने तथा इमरजेंसी विभाग को हर समय अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए।

ओपीडी में मरीजों की सुचारू जांच, आईपीडी वार्डों में साफ-सफाई, बेड की व्यवस्था और आवश्यक दवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण कर मरीजों की आवश्यक जांच अस्पताल परिसर में ही नि:शुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही एच1एन1 आइसोलेशन वार्ड की तैयारियों का जायजा लेते हुए संक्रामक रोगों से बचाव के इंतजामों की समीक्षा की। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) के स्थल का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को शासन की मंशा के अनुरूप समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए।

इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी रेहरा बाजार डॉ. विजय भान, डॉ. एम. लाल, डॉ. सायमा मोईद समेत अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *