आज की ताजा खबर

विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

top-news

श्यामचंद्र श्रीवास्तव

कादीपुर। सरस्वती शिशु मंदिर, झारखंड कादीपुर, सुल्तानपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, उल्लास एवं धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता से हुआ। कक्षा पी.जी. से प्रथम तक कृष्ण रूप में अभय बरनवाल एवं राधा रूप में अन्वी बरनवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कक्षा द्वितीय से पंचम तक कृष्ण रूप में तनुश्री एवं राधा रूप में अंशवी प्रथम रहीं। कार्यक्रम में नगर पंचायत कादीपुर के अध्यक्ष श्री आनंद जायसवाल जी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती इंद्रावती जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


जिला प्रचारक आदरणीय बृजेश जी, विद्यालय के संरक्षक आदरणीय केशव प्रसाद मिश्रा जी विहिप के जिला उपाध्यक्ष श्रीमान संतोष पाण्डेय जी राहुल सिंह जी धर्मेंद्र शर्मा जी विद्या मन्दिर के प्रधानाचार्य श्रीमान अवधेश मिश्र जी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अशोक उपाध्याय जी ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से भैया-बहनों में भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों का निर्माण होता है। सरस्वती शिशु मंदिर शिक्षा के साथ-साथ संस्कार निर्माण के लिए निरंतर कार्य करता है।


इस अवसर पर अतिथियों ने भैया-बहनों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर सत्य, धर्म, कर्तव्य एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम में पुष्पवर्षा, मटकी फोड़ एवं मनमोहक नृत्य की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

मटकी फूटते ही पूरा विद्यालय परिसर श्रीकृष्ण के जयघोष एवं शंखनाद से गूंज उठा। कार्यक्रम का समापन आभार व्यक्त करते हुए एवम शान्ति पाठ से हुआ। संपूर्ण आयोजन ने भैया-बहनों में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति श्रद्धा और उत्साह का संचार किया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *