आज की ताजा खबर

शाहजहांपुर में गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में फ्लैप गेट और सुरक्षात्मक कार्य पूरे

top-news

अपर जिलाधिकारी ने अजीजगंज, मनफूल कॉलोनी और शहवेजपुर का किया स्थलीय निरीक्षण, बैकफ्लो रोकने के लिए कलवर्ट किए गए बंद।

जनपद की सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान से नीचे, एहतियात के तौर पर 65 बाढ़ चौकियां और 54 शरणालय सक्रिय किए गए।

शाहजहांपुर l गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शाहजहांपुर जिला प्रशासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अरविंद कुमार ने संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया।

मनफूल कॉलोनी में नदी से जुड़े नाले पर स्थानीय पार्षद की मौजूदगी में फ्लैप गेट लगाया गया, जिससे बाढ़ के पानी के बैकफ्लो को रोककर आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव की संभावना को कम किया जा सके।


इसके अलावा, शहवेजपुर में खतरे वाले कलवर्ट पर मिट्टी डलवाकर बंद कराया गया ताकि पानी रिग कर बस्तियों में न घुस सके।

प्रशासन के अनुसार, जनपद की सभी प्रमुख नदियां वर्तमान में खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। गंगा नदी ढाई घाट पर 142.980 मीटर (खतरे का निशान 143.650 मीटर), रामगंगा डबरी घाट पर 136.670 मीटर (खतरे का निशान 137.300 मीटर), गर्रा नदी अजीजगंज पुल पर 146.750 मीटर (खतरे का निशान 148.800 मीटर) और खन्नौत नदी लोधीपुल पर 143.500 मीटर (खतरे का निशान 148.750 मीटर) दर्ज की गई है।

संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरे जिले में कुल 65 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं, जिनमें सदर तहसील में 17, तिलहर में 25, कलान में 10 और जलालाबाद में 13 चौकियां शामिल हैं। राहत कार्यों के लिए कलान और जलालाबाद तहसीलों में कुल 21 नावें और मोटर बोट लगाई गई हैं।

इसके अतिरिक्त 54 बाढ़ शरणालय और 12 मेडिकल टीमों का गठन किया गया है। निरीक्षण के दौरान सिंचाई, लोक निर्माण और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नदी के पास न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबरों (05842-462754, 05842-351037, 05842-351038) पर संपर्क करें।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *