आज की ताजा खबर

मुआवजे व पुनर्वास की मांग को लेकर अजय लल्लू के नेतृत्व में डीएम से मिले प्रभावित, सौंपा ज्ञापन

top-news

मोहम्मद नईम

 कुशीनगर। जनपद में चल रहे छितौनी-तमकुहीराज नई रेल लाइन निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण को लेकर जटहां बाजार के व्यापारियों, किसानों और क्षेत्रीय ग्रामीणों में गहरा असंतोष व्याप्त है। अधिग्रहण के बदले प्रस्तावित मुआवजा दर को वर्तमान बाजार मूल्य के सापेक्ष बेहद कम और अतार्किक बताते हुए प्रभावितों ने प्रशासनिक स्तर पर अपनी आवाज बुलंद की है।

इस क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं तमकुहीराज के पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में प्रभावित दुकानदारों, किसानों और महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से मुलाकात की और अपनी मांगों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा।


मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया कि जटहां बाजार क्षेत्र का एक पुराना और प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। रेल लाइन के निर्माण से कई रिहायशी मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं, जिससे सैकड़ों परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी और आशियाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग उठाई कि नए भूमि अधिग्रहण कानून  के कड़े प्रावधानों का पालन करते हुए वर्तमान बाजार दर और सर्किल रेट का पारदर्शी मूल्यांकन किया जाए, ताकि काश्तकारों व व्यापारियों को न्यायसंगत प्रतिकर मिल सके। इसके अतिरिक्त, जो परिवार और दुकानदार इस परियोजना से पूरी तरह विस्थापित हो रहे हैं, उनके लिए प्रशासन एक व्यवस्थित और समयबद्ध पुनर्वास नीति तैयार करे।


जिलाधिकारी से वार्ता करते हुए पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा कि क्षेत्र का विकास अत्यंत आवश्यक है और स्थानीय जनता रेल परियोजना के विरोध में नहीं है, लेकिन विकास की आड़ में किसानों और छोटे व्यापारियों के हितों की बलि नहीं दी जा सकती।

उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत से खड़ी की गई आजीविका को औने-पौने मुआवजे के सहारे नहीं छीना जाना चाहिए। श्री लल्लू ने स्पष्ट किया कि प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावितों की चिंताओं का त्वरित समाधान करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते न्यायसंगत मुआवजा और पुनर्वास सुनिश्चित नहीं किया गया, तो प्रभावित जनता के हक की रक्षा के लिए सड़क से लेकर न्यायालय तक लोकतांत्रिक व कानूनी संघर्ष तेज किया जाएगा।

इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभावितों की व्यापक मौजूदगी रही, जिनमें प्रमुख रूप से राजकुमार यादव, मुकेश मद्धेशिया, रवी कुमार जायसवाल, राजेन्द्र जयसवाल, सन्नी जयसवाल, साहिल रौनियार, अजय जायसवाल, मनोहर जयसवाल, रामा जयसवाल, कन्हैया जयसवाल, सोनू रौनियार, डॉ. दयानन्द गुप्ता, सुरेंद्र गोसाईं, मनोज जयसवाल, कमलेश यादव, पप्पू कुमार गुप्ता, सत्यनारायण, विशाल मद्धेशिया और बृजकिशोर यादव शामिल रहे। वहीं अपने आशियाने और भविष्य की सुरक्षा को लेकर महिलाओं ने भी मजबूती से सहभागिता दर्ज कराई, जिनमें प्रेमी देवी, मराची देवी, मीरा देवी और संगिता देवी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *