आज की ताजा खबर

एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को सौंपा 2 प्रमुख व 6 सूत्रीय मांग पत्र

top-news

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। उ.प्र. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि.) जनपद शाखा कुशीनगर के तत्वावधान में मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन कार्यक्रम में जिला अस्पताल, समस्त सीएचसी व पीएचसी के सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश में एनएचएम के लगभग एक लाख संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ बनकर सेवा दे रहे हैं। कोविड काल में भी हमने जान की परवाह किये बिना सेवा की है। हमारी मुख्य मांग नियमितीकरण की है।

जब तक नियमितीकरण नहीं होता है तब तक समान कार्य का समान वेतन दिया जाए। छत्तीसगढ़, हरियाणा व महाराष्ट्र में 10 वर्ष सेवा वाले एनएचएम कर्मचारियों का नियमितीकरण प्रक्रिया में है, तो उत्तर प्रदेश में क्यों नहीं? सरकार को हमारी वर्षों की सेवा का सम्मान करना चाहिए।"


 जिला महामंत्री राजू यादव ने अन्य मांगों को लेकर कहा कि नियमितीकरण और समान वेतन होने तक सरकार हमारी 6 सूत्रीय तात्कालिक मांगें पूरी करे। हम संक्रमित मरीजों के बीच काम करते हैं, हमें व हमारे परिवार को कम से कम 10 लाख का कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस, महंगाई भत्ता डीए, ईपीएफ और एचआरए का लाभ दिया जाये।

रिक्त पदों पर गैर जनपद ट्रांसफर नीति बहाल की जाये, अनुकम्पा नियुक्ति की नीति बनाई जाये, आउटसोर्स, एमसीटीएस, आईडीएसपी व कोविड कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित किया जाये और नियमित भर्तियों में एनएचएम कर्मचारियों को 25% आरक्षण दिया जाये।"

मंडल अध्यक्ष गोरखपुर चंद्रशेखर यादव लड्डू एवं वेद प्रकाश तिवारी ने संयुक्त रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि यह अंतिम चेतावनी है। संगठन ज्ञापन के बाद 24 सितम्बर से 15 दिन तक सरकार की सकारात्मक कार्यवाही का इंतजार करेगा।

यदि 3 अक्टूबर 2026 तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं आता है तो 5, 6, 7 अक्टूबर को काला फीता बांधकर विरोध और 8, 9, 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर कार्य बहिष्कार किया जायेगा। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो 12 अक्टूबर 2026 से NHM कर्मचारी संघ एवं 18 अन्य संवर्गों के समर्थन में प्रदेश के हजारों कर्मचारी लखनऊ में अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।"

इस अवसर पर डा0 मधुसूदन मिश्रा, डा0 वेदप्रकाश मुस्ताक अहमद,वीरेन्द्र शर्मा, रामाशीष यादव,निशांत मिश्रा, कमल पाण्डेय,खुर्शीद आलम,प्रियंका, सीमा मौर्या, कात्यायनी चतुर्वेदी तथा जनपद के जिला अस्पताल एवं सभी ब्लॉकों के सैकड़ों संविदा व आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *