आज की ताजा खबर

फर्जी दस्तावेज मामले में बरखेड़ा चेयरमैन श्याम बिहारी भोजवाल सहित चार गिरफ्तार

top-news

मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए कूटरचित दस्तावेजों का आरोप, सत्यापन में खुली पोल

शोएब खान

पीलीभीत। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर तहसील क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रमाणपत्र तैयार कराने का मामला सामने आया है। प्रशासन की जांच के बाद बरखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल समेत पांच लोगों के खिलाफ बाजपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर 23 सितंबर को विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से सत्यापन के लिए प्राप्त प्रमाणपत्रों की जांच कराई गई थी। बाजपुर तहसील क्षेत्र में प्रमाणपत्रों के भौतिक सत्यापन के दौरान संबंधित अभ्यर्थियों को दिए गए पते पर निवासरत नहीं पाया गया। संबंधित दस्तावेजों को विभिन्न विभागों से सत्यापित कराने पर भी अभिलेखों में अनियमितताएं सामने आईं।

प्रशासन के अनुसार, जांच में स्थानीय लोगों की मदद से कथित तौर पर फर्जी पते और कूटरचित साक्ष्यों के आधार पर प्रमाणपत्र तैयार कराए जाने की बात सामने आई। तहसील में अभ्यर्थियों के परिजनों से पूछताछ के दौरान भी प्रमाणपत्र जारी कराने से जुड़ा मामला सामने आया। जांच के बाद फर्जी पाए गए प्रमाणपत्रों को निरस्त कर दिया गया। इसके साथ ही कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए गए।

जानकारी के अनुसार, श्याम बिहारी भोजवाल, पुत्र गेंदन लाल, निवासी दौलतपुर रोड, बरखेड़ा, पीलीभीत; शिवम माथुर, पुत्र बलजीत, निवासी तुला शेरपुर, इज्जतनगर, बरेली; अर्चना, पत्नी आशीष भारद्वाज, निवासी मुंडिया कला, बाजपुर; रोहित, पुत्र राजेंद्र, निवासी हरलालपुर, बाजपुर तथा बाजपुर के एक अज्ञात अधिवक्ता के खिलाफ प्रशासन की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही पूर्व में जारी प्रमाणपत्रों का दोबारा सत्यापन कराया जा रहा है। प्रशासन ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर प्रमाणपत्र प्राप्त करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को आगे की कार्रवाई के लिए भेजी जा रही है।

पहले भी रहा है विवादों से नाता

श्याम बिहारी भोजवाल पहले भी विवादों में रह चुके हैं। अप्रैल 2023 में निकाय चुनाव के दौरान बरखेड़ा पुलिस और आबकारी विभाग ने उन्हें अवैध शराब की खेप के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। रिपोर्टों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 248 पेटी शराब बरामद की गई थी और आरोप था कि शराब का इस्तेमाल चुनाव में किया जाना था। इस मामले में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में वह जमानत पर बाहर आए। 2023 के निकाय चुनाव के दौरान भाजपा ने उन्हें पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित भी किया था। मार्च 2024 में श्याम बिहारी भोजवाल ने दोबारा भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और वर्तमान में बरखेड़ा नगर पंचायत के चेयरमैन हैं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *