आज की ताजा खबर

जल शक्ति मंत्री से मिलकर उठाया मामला, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

top-news

शिकायतकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप, जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल,

नरचोचवा की जल योजना पर गरमाया मामला, ‘100 प्रतिशत पूर्ण’ के दावे पर सवाल

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। विशुनपुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत नरचोचवा में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजना के क्रियान्वयन को लेकर ग्रामीण अमरनाथ गोंड ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने गोरखपुर सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से शुक्रवार को शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया तथा मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

जल शक्ति मंत्री को दिए गए शिकायती पत्र में अमरनाथ गोंड ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में कुल घरों की संख्या 958 से अधिक है, जबकि विभागीय स्तर पर 958 घरों के सापेक्ष 958 नल कनेक्शन यानी 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण दर्शाया गया है। उनका कहना है कि मौके पर स्थिति इसके विपरीत है और बड़ी संख्या में घरों में नल कनेक्शन एवं जलापूर्ति की व्यवस्था क्रियाशील नहीं है। उन्होंने लगभग 20 प्रतिशत घरों के सामने पाइप डालकर कार्य छोड़ दिए जाने का भी आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने इस संबंध में जनसुनवाई पोर्टल पर 13 अक्टूबर 2025 तथा 21 अगस्त 2026 को शिकायतें दर्ज कराई थीं। उनका आरोप है कि शिकायत की गोपनीयता बनाए रखने के बजाय उनका मोबाइल नंबर कार्यदायी संस्था से जुड़े लोगों तक पहुंच गया। इसके बाद उन्हें फोन पर धमकी देने तथा शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है।

अमरनाथ गोंड ने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया कि शिकायत वापस नहीं लेने पर 31 अगस्त 2026 को थाना नेबुआ नौरंगिया में उनके विरुद्ध चोरी की तहरीर दी गई। उन्होंने इसे फर्जी बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उनका कहना है कि अब तक उनकी मौजूदगी में शिकायतों की जांच नहीं की गई और संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन भी नहीं किया गया।

शिकायतकर्ता ने अधिशासी अभियंता की ओर से जारी पत्रों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि यदि 958 घरों में पाइप पहुंचाए जाने की बात विभागीय पत्र में स्वीकार की गई है, तो योजना में 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण कैसे दर्शाया गया। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

अमरनाथ गोंड ने मांग की है कि जांच पूरी होने तक नरचोचवा में चल रहे कार्य को स्थगित किया जाए, दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, शिकायत की गोपनीयता भंग करने और धमकी देने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए तथा उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी कुशीनगर, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी तथा जल निगम के संबंधित अधिकारियों सहित सदर विधायक को भी भेजी गई है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *