आज की ताजा खबर

नारायणी नदी का जलस्तर फिर बढ़ा, बाढ़ का खतरा बढ़ा

top-news

गंडक बैराज से 1.39 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से तराई इलाकों में बढ़ी चिंता

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। नेपाल में लगातार हो रही बारिश के चलते नारायणी नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बैराज से गुरुवार शाम चार बजे तक 1 लाख 39 हजार 100 क्यूसेक पानी नारायणी नदी में छोड़ा गया। पानी के बढ़ते दबाव को देखते हुए नदी किनारे और तराई क्षेत्र में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।


गंडक बैराज के आंकड़ों के अनुसार अप स्ट्रीम लेवल 362.00 फीट और डाउन स्ट्रीम लेवल 351.50 फीट दर्ज किया गया। डाउन स्ट्रीम में 1 लाख 21 हजार 500 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है। वहीं, ईस्टर्न मेन कैनाल में 8,600 क्यूसेक तथा वेस्टर्न मेन कैनाल में 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

नेपाल में नारायणी की सहायक नदियों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इसके मद्देनजर नेपाल प्रशासन ने नदी किनारे बसे रिहायशी इलाकों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

इधर, कुशीनगर जिले में भी पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने हालात को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पनियहवा, खड्डा, तमकुहीराज और सेवरही तहसील क्षेत्र के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है। नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों के साथ किसान भी अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं।

बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट पर रखा है। संबंधित अधिकारियों को नाव, राहत सामग्री और मेडिकल टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सतर्क रहने की अपील की है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *