आज की ताजा खबर

शारदा में 3.40 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना, प्रशासन अलर्ट

top-news

शारदा और ट्रांस-शारदा क्षेत्र में बढ़ाई गई निगरानी, संभावित बाढ़ को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश

शोएब खान

पीलीभीत। शारदा नदी में शनिवार दोपहर बाद करीब 3.40 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना के बाद प्रशासन ने शारदा और ट्रांस-शारदा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित बाढ़ और जलभराव को देखते हुए पूरनपुर एसडीएम मयंक गोस्वामी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

निर्देशों के तहत नदी किनारे स्थित संवेदनशील और निचले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा जलस्तर बढ़ने की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा गया है। राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर नदी किनारे बसे गांवों, मजरों और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, आपदा मित्र और स्थानीय स्वयंसेवकों के माध्यम से ग्रामीणों को संभावित बाढ़ के प्रति सचेत करने को कहा गया है। साथ ही नाव, नाविक, लाइफ जैकेट, रस्सी, टॉर्च समेत राहत एवं बचाव के उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने संभावित प्रभावित गांवों में सुरक्षित स्थान और बाढ़ राहत शिविर चिह्नित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को कहा है। गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और गंभीर रूप से बीमार लोगों की सूची तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को अनावश्यक रूप से जाने अथवा जलधारा पार करने से रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं। जर्जर मकानों और ऐसी संरचनाओं का तत्काल निरीक्षण करने को कहा गया है, जिनसे जनहानि की आशंका हो। सार्वजनिक उद्घोषणा, व्हाट्सएप समूह और अन्य संचार माध्यमों से ग्रामीणों को समय-समय पर बाढ़ संबंधी चेतावनी देने के निर्देश दिए गए हैं।

एसडीएम मयंक गोस्वामी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतते हुए शनिवार दोपहर बाद लगातार क्षेत्र में भ्रमण और निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने किसी भी जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति या अन्य आपदा की स्थिति में तत्काल सूचना देकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *