आज की ताजा खबर

आंधी-बारिश में पोल व ट्रांसफार्मर धराशायी, तीन गांवों की बिजली 20 घंटे से गुल

top-news

दुबौली में पेड़ की डाल टूटकर बिजली तार पर गिरी, आपूर्ति ठप होने से मोबाइल चार्जिंग से लेकर पेयजल तक का संकट

मोहम्मद नईम

मथौली बाजार, कुशीनगर। विद्युत उपकेंद्र सोहसा मठिया से जुड़े तीन गांवों में करीब 20 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। ग्राम सभा दुबौली में शुक्रवार रात तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ की भारी डाल विद्युत तार पर गिर गई, जिससे पोल, तार और पोल पर लगा ट्रांसफार्मर टूटकर जमीन पर गिर गया। विद्युत आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जाता है कि विद्युत उपकेंद्र सोहसा मठिया से विकास खंड मोतीचक के दुबौली, सिकटिया और मुहम्मदा बरवापट्टी गांवों में बिजली की आपूर्ति होती है। दुबौली में विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर गिरने के बाद इन गांवों की आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई। लंबे समय से बिजली नहीं आने के कारण ग्रामीणों के मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, वहीं पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है।

रात में बढ़ी परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती का सबसे अधिक असर रात के समय देखने को मिल रहा है। अंधेरे के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति में आए दिन खराबी के कारण लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से टूटे पोल, तार और ट्रांसफार्मर की तत्काल मरम्मत कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बहाल होने में देरी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

इस संबंध में जेई विजय सिंह से मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।

ई. सत्यजीत सिंह, सीटू गुप्ता, सत्येंद्र सिंह उर्फ छोटे बाबू, दीनानाथ मिश्र, जनार्दन मिश्र, अक्षयबर मिश्र, विजय कुशवाहा, जमुना सागर सिंह, कुबेर गुप्ता, वीरेंद्र कुशवाहा, सोनू मिश्र और कृष्णानंद सिंह सहित ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *