आज की ताजा खबर

खुले नाले में बहा चार साल का मासूम, रातभर चला रेस्क्यू; सुबह 500 मीटर दूर मिला शव

top-news

लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़

फर्रुखाबाद l लगातार हो रही बारिश के बीच मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के टाउन हॉल इलाके में शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर निकला चार वर्षीय मासूम रिवांश बारिश के पानी से उफन रहे खुले नाले में बह गया। रातभर पुलिस, नगर पालिका कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन मासूम का पता नहीं चल सका। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर खेत में उसका शव बरामद हुआ।

बताया गया कि शनिवार रात रिवांश घर के बाहर निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसकी मां कोमल उसे तलाशने बाहर निकलीं। आसपास तलाश के बाद भी मासूम का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। बारिश के पानी से उफन रहे नाले में बच्चे के गिरने की आशंका जताई गई, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

करीब 100 लोगों की टीम रातभर बच्चे की तलाश में जुटी रही। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। नाले में दो जेसीबी की मदद से सफाई और खुदाई कराई गई, लेकिन पूरी रात तलाश के बावजूद मासूम का पता नहीं चल सका।


रविवार सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में बच्चे का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे का शव देखते ही मां कोमल बेसुध होकर गिर पड़ीं। वहीं पिता आकाश भी बेटे की मौत से बदहवास हो गए। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें संभाला।

परिजनों के मुताबिक, रिवांश उनका इकलौता बेटा था। पिछले चार दिनों से हो रही बारिश के कारण टाउन हॉल क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। घर के बाहर से गुजर रहा नाला करीब चार फीट गहरा बताया जा रहा है और उसका कुछ हिस्सा खुला हुआ है। शनिवार को लगातार बारिश के कारण नाला ओवरफ्लो हो गया था और पानी का बहाव भी तेज था।

आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान मासूम नाले में गिर गया और पानी के तेज बहाव में करीब 500 मीटर दूर खेत तक पहुंच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने कार्रवाई न करने की बात कही है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बारिश के दौरान खुले नालों और जलभराव वाले स्थानों को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि खुले नालों के कारण बच्चों और राहगीरों के लिए खतरा बना रहता है।

बारिश के दौरान अभिभावक बच्चों को खुले नालों, जलभराव और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रखें।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *