आज की ताजा खबर

देवकली धाम के क्षतिग्रस्त गुंबदों को फिर मंदिर के शीर्ष पर स्थापित कराने की उठी मांग, विचित्र पहल समिति ने एसडीएम सदर को सौंपा ज्ञापन, धार्मिक स्थल की भव्यता बनाए रखने की मांग

top-news

रोहित अवस्थी

औरैया। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल देवकली धाम स्थित मंदिर के मुख्य शीर्ष पर रखे गुंबद क्षतिग्रस्त होने के बाद उन्हें दुरुस्त कर दोबारा स्थापित कराने की मांग उठी है।

इस संबंध में विचित्र पहल समिति के पदाधिकारियों ने सोमवार की सुबह 11 बजे उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानंद को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर के मुख्य शीर्ष पर स्थापित गुंबद क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके चलते मंदिर की भव्यता और आकर्षण प्रभावित हो रहा है।

समिति ने मांग की कि क्षतिग्रस्त गुंबदों की आवश्यक मरम्मत कराकर उन्हें विधिवत मंदिर के शीर्ष पर दोबारा स्थापित कराया जाए।

पदाधिकारियों ने कहा कि देवकली धाम जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।

ऐसे में मंदिर की ऐतिहासिक, धार्मिक और स्थापत्य भव्यता को बनाए रखना आवश्यक है। मंदिर के शीर्ष पर क्षतिग्रस्त गुंबदों को दुरुस्त कराए जाने से धाम की सुंदरता भी पुन: निखर सकेगी।

समिति ने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक कार्रवाई कराकर गुंबदों की मरम्मत और पुनर्स्थापना सुनिश्चित कराई जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के जिला अध्यक्ष रानू पोरवाल, आनंद नाथ गुप्ता, कपिल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *