आज की ताजा खबर

पुलिस प्रशासन ने केशव ग्रीन सिटी में चलाया रेस्क्यू आपरेशन

top-news

कॉलोनी में फंसे परिवारों को सुरक्षित निकाला, आधा दर्जन मोहल्लों में घुसा बाढ़ का पानी

अनुराग मिश्रा

सीतापुर। पिरई व सरायन नदी का लगातार बढ़ रहे जलस्तर से केशव ग्रीन सिटी के हालात बिगड़ते जा रहे है। पूरी कॉलोनी में बाढ़ जैसे हालात बन गए है, जिलाधिकारी के निर्देश पर सीतापुर पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर जलमग्न घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। मालूम हो कि पिरई व सरायन नदी का जलस्तर लगातार बढ़  रहा है। जिससे शहर के करीब आधा दर्जन मोहल्लों में पानी घरों में घुस गया है।

केशव ग्रीन सिटी पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ गए है। केशव ग्रीन सिटी में घरों में लोगों व पालतू जानवरों के फंसे होने की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में रामकोट पुलिस, फायर ब्रिगेड, पीआरवी-112, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। थानाध्यक्ष रामकोट पीयूष सिंह के नेतृत्व में टीम ने मोटर बोट, लाइफ जैकेट और अन्य राहत उपकरणों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। टीम ने जलभराव में फंसे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, बीमार लोगों के साथ पालतू जानवरों को भी सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के मुताबिक रेस्क्यू किए गए लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया, जहां उनके लिए भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था की गई। लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच पुलिस व आपदा राहत टीमों ने दिन-रात अभियान चलाया। पुलिस ने लोगों से सरायन नदी और जलभराव वाले निचले इलाकों से दूर रहने तथा बच्चों व मवेशियों को पानी के तेज बहाव से बचाने की अपील की है। मोहल्लें में जाने के लिए रोक लगा दी गई है।


पानी में तैर रही कारें

केशव ग्रीन सिटी में करीब आठ मीटर पानी भर जाने से मोहल्लें में खड़ी कारें पानी में बह रही है। कई ऐसे परिवार है जो बारिश से पहले शहर से बाहर गए थे आए तो मोहल्लें का नजारा ही बदल गया। मोहल्लेवासियों के मुताबिक लगभग चार कारें पानी में डूब कर तैरती नजर आई।