आज की ताजा खबर

नारायणी के कहर के बीच ग्राउंड जीरो पर पहुंचे सीएम योगी

top-news

बाढ़ पीड़ितों से मिले, राहत-बचाव का लिया जायजा; बोले—आपदा की घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार

मोहम्मद नईम 

कुशीनगर । नारायणी नदी के उफान और तटबंध कटान से पैदा हुए बाढ़ के संकट के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को कुशीनगर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का ग्राउंड जीरो पर जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने तटबंध कटान स्थल का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद सड़क मार्ग से ग्राम जवही दयाल स्थित पंचायत भवन एवं राहत शिविर पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने प्रभावित परिवारों का कुशलक्षेम पूछा और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। तटबंध टूटने के बाद कई गांवों में पानी पहुंचने से प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत-बचाव में जुटी हैं।

मुख्यमंत्री ने राहत सामग्री वितरण स्थल पर पहुंचकर प्रभावित नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले चार दिनों में प्रदेश, देश के विभिन्न हिस्सों और नेपाल में हुई भारी बारिश के कारण नारायणी नदी का जलप्रवाह सामान्य 3 से 4 लाख क्यूसेक से बढ़कर अचानक करीब 5.5 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया। पानी के अप्रत्याशित दबाव से तटबंध क्षतिग्रस्त हुए और आसपास के गांवों में जलभराव की स्थिति बनी।


एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीमें मोर्चे पर

मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर जारी रखने के निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्र में एनडीआरएफ की दो, एसडीआरएफ की दो टीमें तथा पीएसी की फ्लड यूनिट तैनात हैं। बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए 5,000 सूखा राशन किट की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक किट करीब 50 किलोग्राम की है, जिसमें चावल, आटा, आलू, दाल, तेल, मसाले, नमक, लाई, चना, बाल्टी समेत दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री शामिल है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जलमग्न और बेघर परिवारों को सुरक्षित राहत शिविरों में रखा जाए। शिविरों में गुणवत्तापूर्ण भोजन, शुद्ध पेयजल और जनरेटर के माध्यम से 24 घंटे बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


जनहानि पर चार लाख, टूटे मकानों को मिलेगा आवास

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा में जनहानि होने पर प्रभावित परिवार को तत्काल चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत के लिए भी नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।


फसल नुकसान का सर्वे, किसानों को मिलेगा मुआवजा

बाढ़ से धान, गन्ना और सब्जी की फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों का पारदर्शी और त्वरित सर्वे कराने के निर्देश दिए। किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराने में किसी भी तरह की देरी न हो, इसके लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

बीमारियों और सांप के खतरे से निपटने के निर्देश

पानी घटने के बाद जलजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में अगले कई दिनों तक नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। सभी पीएचसी और सीएचसी पर एंटी स्नेक वेनम और एंटी रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा गया है।


अब सिर्फ मरम्मत नहीं, नारायणी के स्थायी समाधान की तैयारी

मुख्यमंत्री ने नारायणी नदी की समस्या के दीर्घकालिक समाधान पर भी जोर दिया। सिंचाई विभाग को क्षतिग्रस्त तटबंधों की तत्काल मरम्मत के साथ उनके स्थायी सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए गए। वहीं जल शक्ति मंत्री और प्रमुख सचिव सिंचाई को नारायणी नदी की ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया, ताकि नदी की गहराई बढ़े, जलप्रवाह सुचारु हो और सिल्ट का उपयोग किया जा सके।

रात में ही अधिकारियों को मौके पर भेजा

बताया गया कि मुख्यमंत्री को सोमवार रात तटबंध कटान की जानकारी मिलते ही उन्होंने मंडलायुक्त, एडीजी समेत वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज किए।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि मौसम सामान्य होने के साथ स्थिति तेजी से सुधरेगी और शासन-प्रशासन का पूरा तंत्र प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार सक्रिय रहेगा। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान राहत सामग्री वितरण और प्रभावित ग्रामीणों से संवाद भी किया गया।

इस दौरान सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, क्षेत्रीय सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, सांसद विजय कुमार दुबे, विधायक डॉ. असीम कुमार राय, विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, विधायक पी.एन. पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *