आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में प्रधानाध्यापक दंपती की हत्या, स्कूल परिसर में मिले खून से लथपथ शव

top-news

कादीपुर के कूम्हीडड़िया गांव में वारदात से सनसनी, चाबी लेने पहुंचे चालक ने देखे शव

फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद, एडीजी-आईजी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

श्यामचंद्र श्रीवास्तव

सुलतानपुर। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कूम्हीडड़िया गांव में सोमवार देर रात प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (43) की हत्या से सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह दोनों के शव उनके निजी विद्यालय परिसर में खून से लथपथ हालत में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

चाबी लेने पहुंचे चालक ने देखे शव

बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे स्कूल की चाबी लेने पहुंचे चालक राजेश यादव ने परिसर में दोनों के शव देखे। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद किए जाने की जानकारी दी है। फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।


पहले पत्नी और फिर पति की हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने पहले विनीता सिंह की विद्यालय के एक कमरे में हत्या की। इसके बाद मुकेश सिंह जान बचाने के लिए करीब 150 मीटर दूर भागे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी घेर लिया और उनकी हत्या कर दी।

हालांकि, वारदात की वास्तविक परिस्थितियां और घटनाक्रम पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

एडीजी से लेकर एसपी तक मौके पर पहुंचे

दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही एडीजी प्रवीण कुमार, आईजी सोमेन वर्मा, एसपी विनीत जायसवाल और सीओ कादीपुर विनय गौतम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को मामले की जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों और घटना से जुड़े संभावित लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

शिक्षक संगठन से भी जुड़े थे मुकेश सिंह

मुकेश सिंह कंपोजिट विद्यालय खुनहट में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। इसके साथ ही वह प्राथमिक शिक्षक संघ, मोतीगरपुर के अध्यक्ष भी थे।

दंपती की हत्या के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल हत्या का कारण और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच के आधार पर मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

  

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *