आज की ताजा खबर

सरायन का बढ़ा जलस्तर, केशव ग्रीन सिटी डूबी; मांगों को लेकर हाईवे जाम

top-news

अनुराग मिश्रा

सीतापुर । सीतापुर में सरायन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। लखनऊ-दिल्ली हाईवे किनारे स्थित केशव ग्रीन सिटी पूरी तरह जलमग्न हो गई है। घरों में पानी भरने के बाद परेशान मोहल्लेवासियों ने प्रशासन पर समय से सही जानकारी नहीं देने का आरोप लगाते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के चलते हाईवे पर लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही डीएम और एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर जाम खुलवाया।

 सरायन नदी के बढ़ते जलस्तर ने केशव ग्रीन सिटी के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पूरी कॉलोनी में घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया है। बाढ़ की स्थिति से परेशान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर जाम लगा दिया।

 मोहल्लेवासियों की मांग थी कि उन्हें नदी के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति की सटीक और समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना था कि यदि समय रहते सही सूचना मिलती तो वे अपने घरों से जरूरी सामान, दस्तावेज और वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा सकते थे।