आज की ताजा खबर

सिलेंडर विस्फोट ने उजाड़ दिए दो परिवार, 24 घंटे में दो युवकों की मौत

top-news

मुरादगंज के शिव शंभू स्वीट हाउस में 13 सितंबर को हुआ था धमाका; बुधवार को शिवम और गुरुवार सुबह विपिन ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

रोहित अवस्थी

मुरादगंज, औरैया। मुरादगंज चौराहे स्थित शिव शंभू स्वीट हाउस के गोदाम के बेसमेंट में 13 सितंबर को हुए घरेलू गैस सिलेंडर विस्फोट के मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय शिवम प्रजापति ने बुधवार देर शाम दिल्ली के अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके बाद गुरुवार सुबह दूसरे घायल विपिन पुत्र कृष्ण लाल निवासी जगतपुर, मुरादगंज की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। महज कुछ घंटों के अंतराल में दो युवकों की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

 तेज धमाके से दहल उठा था इलाका

13 सितंबर की दोपहर मिठाई की दुकान के गोदाम स्थित बेसमेंट में अचानक तेज धमाका हुआ था। विस्फोट इतना जोरदार था कि बेसमेंट की छत क्षतिग्रस्त हो गई थी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां अफरा-तफरी मची थी। सूचना पर पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव के साथ घटना की जांच शुरू की।

हादसे में शिवम प्रजापति (18), विपिन (22), अतुल (19) और गौरव (19) घायल हुए थे। चारों दुकान के कर्मचारी बताए गए हैं। गंभीर हालत को देखते हुए शिवम समेत दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया था।


पहले शिवम, फिर विपिन ने तोड़ा दम

हादसे के बाद शिवम की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। उसका दिल्ली के अस्पताल में उपचार चल रहा था। बुधवार देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शिवम की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद गुरुवार सुबह विपिन ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

शिवम पुत्र सज्जन निवासी जगतपुर दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। वहीं विपिन की मौत से उसके परिजनों पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

रात में चौकी पहुंचे थे परिजन

शिवम की मौत की सूचना मिलने के बाद बुधवार रात करीब 11 बजे परिजन और ग्रामीण मुरादगंज चौकी पहुंचे। उन्होंने दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत की जानकारी पुलिस को दी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।


सिलेंडर और सुरक्षा मानकों की जांच पर उठे सवाल

हादसे के बाद सामने आए वीडियो में बेसमेंट में घरेलू गैस सिलेंडर दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में जांच के दौरान यह भी देखा जाना जरूरी है कि बेसमेंट में सिलेंडर किस उद्देश्य से रखे गए थे, उनका उपयोग किस काम के लिए हो रहा था और वहां अग्नि एवं सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

दो युवकों की मौत के बाद घटना की जांच और जिम्मेदारी तय किए जाने को लेकर भी परिजनों में चिंता है। पुलिस तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। अन्य घायलों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।

क्षेत्राधिकारी अजीतमल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि उपचार के दौरान शिवम की मौत हुई है। परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *