आज की ताजा खबर

सात राज्यों में वांछित ‘बंटी-बबली’ गिरफ्तार, सीतापुर पुलिस ने 14 लाख रुपये और सोना किया बरामद

top-news

बैंक मैनेजर और इनकम टैक्स अधिकारी बनकर कम कीमत में सोना दिलाने का झांसा देने का आरोप

35 लाख की ठगी के मामले में कार्रवाई, पुलिस के मुताबिक कई राज्यों में दंपती ने लोगों को बनाया शिकार

अनुराग मिश्रा 

सीतापुर। सीतापुर पुलिस ने ठगी के मामले में वांछित चल रहे दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति-पत्नी खुद को बैंक मैनेजर और इनकम टैक्स अधिकारी बताकर लोगों को कम कीमत में सोना दिलाने का झांसा देते थे। गिरफ्तार दंपती के पास से पुलिस ने 14 लाख रुपये की नकदी और 38 ग्राम सोना बरामद करने का दावा किया है।


14 सितंबर को दर्ज हुई थी एफआईआर

पुलिस के अनुसार, बीते 14 सितंबर को शहर कोतवाली में ठगी का मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले में चार पीड़ितों ने शिकायत की थी कि आरोपी पति ने खुद को PNB का बैंक मैनेजर और पत्नी ने खुद को इनकम टैक्स ऑफिसर बताकर कम कीमत में सोना दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि इसी झांसे में लेकर दंपती ने करीब 35 लाख रुपये की ठगी की।

मामले की जांच एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर सीओ सिटी विनय यादव ने शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी दंपती के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं।


अच्छी अंग्रेजी बोलकर बनाते थे भरोसा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी दंपती की पढ़ाई कक्षा छह तक हुई है, लेकिन दोनों अच्छी अंग्रेजी बोलकर लोगों पर प्रभाव डालते थे और उनका विश्वास जीतते थे। पुलिस का दावा है कि इसी तरीके से दोनों ने अलग-अलग राज्यों में लोगों को ठगी का शिकार बनाया।

पुलिस के अनुसार, दंपती ने ओडिशा, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के अलग-अलग जिलों में ठगी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों वर्ष 2017 से सात राज्यों में वांछित चल रहे थे।


रोहित बाजपेयी और अन्नू बाजपेयी गिरफ्तार

सीतापुर पुलिस ने आरोपी रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों को जेल भेज दिया गया है। उनके पास से बरामद नकदी और सोने को भी जांच में शामिल किया गया है।

एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पुलिस जांच में दंपती के कई राज्यों में ठगी करने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और दंपती से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *